
मृत्युंजय कुमार/बोकारो. शादी का वादा कर मुकरने वाले प्रेमी के दरवाजे पर तीन दिनों से धरने बैठी प्रेमिका पुलिस के आश्वासन पर उठी. युवक फिलहाल रोजगार के लिए हैदराबाद में रह रहा है. पुलिस ने उसे दो दिनों में आकर शादी करने को कहा है, नहीं तो नियम संगत कार्रवाई की जाएगी. लड़की अपने परिजनों के साथ कसमार प्रखंड के रानीटांड़ स्थित घर लौट गई.
दरअसल, कसमार के रघुनाथपुर के चंदन महतो और रानीटांड की करमी के बीच दो साल पहले रॉन्ग नंबर में फोन लग जाने से बातचीत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों एक दूसरे को चाहने लगे. फोन पर घंटों बातें होने लगीं. दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे. एक-दूसरे से शादी का वादा किया. लेकिन पिछले कुछ दिनों से चंदन अपनी प्रेमिका करमी से कटने लगा था. वह उससे पीछा छुड़ाने के लिए हैदराबाद चला गया.
चंदन का कहना था कि घरवाले शादी को तैयार नहीं हो रहे हैं. इसलिए वह शादी नहीं कर सकता. अंत में हारकर करमी अपनी नानी के साथ रघुनाथपुर स्थित चंदन के घर पहुंच गई. चंदन के घरवालों ने उसे अंदर प्रवेश करने से रोक दिया तो करमी वहीं दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गई. मामले की सूचना पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह को हुई तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ करमी को समझाने-बुझाने की कोशिश की. लेकिन करमी जिद पर अड़ी रही कि उसे चंदन से ही शादी करनी है.
मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सोमवार को कसमार थाना प्रभारी उज्ज्वल पांडे रधुनाथपुर गांव पहुंचे और चंदन व करमी के परिजनों के साथ बातचीत की. इस दौरान दोनों पक्षों में समझौता हुआ. चंदन को दो दिन के अंदर आने को कहा गया है. इसके बाद चंदन और करमी की शादी कराई जाएगी. ऐसा नहीं होने पर चंदन पर पुलिस कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी उज्ज्वल पांडे ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता कराया गया है. लड़का शादी करने के तैयार हो गया है.
.
Tags: Bokaro news, Jharkhand news, Love Story
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 07:36 IST









