नौतपा हुआ ठंडा! शिवपुरी में जमकर बरसे बदरा, 4 दिनों में ऐसे लुढ़का तापमान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुनील रजक/शिवपुरी: वैज्ञानिक और आध्यात्मिक मान्यता है कि नौतपा के नौ दिनों में आसमान से झुलसा देने वाली धूप धरती पर पहुंचती है. मान्यता यह भी है कि नौतपा जितना अधिक तपेगा बारिश के मौसम में उतनी अधिक बारिश होगी, लेकिन इस साल शिवपुरी में नौतपा के चार दिन निकल चुके हैं और एक भी दिन नहीं तपा है.

चौथे दिन रविवार को तो सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गईं. कुछ देर बाद सुबह करीब 10 बजे आसमान से चने के आकार के ओले गिरने लगे. करीब पांच मिनट तक ओले गिरने के बाद लगभग आधा घंटे तक तेज बारिश हुई. इसके बाद रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही.

मौसम में आए परिवर्तन को पश्चिमी विक्षोभ का असर बताया जा रहा है. इसी कारण तापमान में गिरावट और बारिश देखी गई है. पिछले चार दिनों में अगर देखा जाए तो शहर का तापमान 10 डिग्री तक गिर गया है. नौतपा से पहले शहर में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अब यह तापमान 34 डिग्री के आसपास है. रविवार को हुई बारिश और मौसम में आए परिवर्तन के कारण लोगों ने राहत भरी सांस ली है. रविवार को सुबह नौ बजे तो मौसम ऐसा दिखाई दे रहा था जैसे गर्मी नहीं बारिश का मौसम हो.

फसल के लिए वरदान यह बारिश
किसानों और मौसम के जानकारों का कहना है कि इस समय खेत खाली पड़े हैं. ऐसे में आज हुई बारिश खेतों के लिए वरदान है. कृषि वैज्ञानिक एमके भार्गव का कहना है कि इस बारिश के बाद खेतों में नमी हो गई है. इसका उपयोग किसान खेतों की अगली फसल तैयार करने के लिए कर सकते हैं.

सेहत का रखें ध्यान
डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि बेमौसम बारिश और ओले दोनों सेहत के लिए खतरनाक होते हैं. इसके अलावा बारिश के दौरान ठंडक रहती है. इसके बाद सूरज निकलते ही उमस वाली गर्मी पड़ती है. ऐसे मौसम में खानपान का काफी ध्यान रखना चाहिए, नहीं तो यह बारिश सेहत खराब कर सकती है.

4 दिनों में ऐसे लुढ़का पारा
– 25 मई को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री रहा
– 26 मई को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री, न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री रहा
– 27 मई को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री, न्यूनतम 25.6 डिग्री रहा
– 28 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा

Tags: Heavy Rainfall, Mp news, MP weather forecast, Shivpuri News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें