
नई दिल्ली. सरकार इलेक्ट्रिक वाहन को बढ़ावा देने के लिए तमाम रणनीति अपना रही है. कंपनियां भी ई-वाहन की पहुंच बढ़ाने के लिए कई तरह की छूट और सब्सिडी दे रही हैं. अगर आप भी अपने लिए इलेक्ट्रिक कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो हम आपको कुछ ऐसे राज्यों की जानकारी दे रहे हैं, जहां से इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर आपको लाखों रुपये की छूट मिल जाएगी.
केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री बढ़ाने के लिए बाकायदा फेम-2 नाम से योजना भी बना रखी है. इसके तहत केंद्र की ओर से मिलने वाली सब्सिडी तो सभी राज्यों को दी जाती है. आप किसी भी राज्य में ई-वाहन खरीदते हैं आपको यह सब्सिडी मिल जाएगी. लेकिन, कुछ राज्य भी अपनी तरफ से सब्सिडी देते हैं और इसका फायदा आप संबंधित राज्यों से ई-वाहन खरीदकर उठा सकते हैं.
महाराष्ट्र से खरीदा तो सीधे 2.5 लाख का फायदा
केंद्र सरकार की ओर से ई-वाहन पर 1 लाख रुपये तक सीधी सब्सिडी दी जाती है. इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार भी ई-वाहन पर प्रति किलोवॉट 5 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है. राज्य सरकार ने अपनी ई-वाहन नीति में घोषणा की है कि पहले 10 हजार खरीदारों को चारपहिया ई-वाहन खरीदने पर 1.5 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा सकती है. इस तरह आप यहां से कार खरीदकर बाकायदा 2.5 लाख रुपये की सब्सिडी हासिल कर सकते हैं.
दिल्ली में भी मिलेंगे ढाई लाख वापस
दिल्ली सरकार ने भी ई-वाहन पर अपनी तरफ से 1.5 लाख रुपये की सब्सिडी देने की घोषणा की है. दिल्ली सरकार ने शुरुआती 1 हजार खरीदारों को 1.5 लाख रुपये की सब्सिडी देने की घोषणा की है. इसमें अगर केंद्र सरकार की भी 1 लाख की सब्सिडी को शामिल कर लिया जाए तो कुल छूट बढ़कर 2.5 लाख रुपये पहुंच जाएगी.
यूपी में मिलेगी 1 लाख की सीधी छूट
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी 14 अक्टूबर, 2022 से ई-वाहन पर सब्सिडी देने की घोषणा की है. यूपी सरकार ई-बाइक से लेकर ई-बस तक सब्सिडी दे रही है. यूपी सरकार ने घोषणा की है कि योजना के तहत शुरुआती 25 हजार वाहन खरीदने पर यूपी सरकार 1 लाख रुपये सब्सिडी दे रही है. इसमें केंद्र की भी सब्सिडी जोड़ दी जाए तो यह छूट बढ़कर 2 लाख रुपये हो जाएगी.
गुजरात में भी मिलेगी 2.5 लाख तक छूट
गुजरात सरकार भी इलेक्ट्रिक कार पर 1.5 लाख रुपये तक छूट दे रही है. यहां की राज्य सरकार ने शुरुआती 10 हजार इलेक्ट्रिक कारों को बेचने पर 1.5 लाख रुपये की सीधी छूट देने की बात कही है. इसमें केंद्र सरकार की ओर से भी मिलने वाली 1 लाख रुपये की सब्सिडी जोड़ दी जाए तो कुल छूट बढ़कर 2.5 लाख रुपये हो जाएगी.
उत्तराखंड सरकार भी लुटा रही खजाना
उत्तराखंड की सरकार अपनी तरफ से ई-वाहन पर 1.5 लाख रुपये की छूट दे रही है. यहां से आप ई-कार खरीदते हैं तो केंद्र की ओर से मिलने वाली 1 लाख की सब्सिडी तो मिल ही रही है. आपको राज्य की ओर से भी 1.5 लाख की छूट मिलती है और कुल 2.5 लाख की सब्सिडी मिल जाती है.
.
Tags: Business news in hindi, Car Discounts Offers, Electric Car, Electric vehicle
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 19:41 IST








