
शाश्वत सिंह/ झांसी. नोटबंदी 2.0 की घोषणा के साथ ही 2000 रुपए के नोट रखने वाले लोग परेशान हो गए थे. हर व्यक्ति जिसके पास गुलाबी नोट था वह इस उधेड़बुन में लगे थे की 2000 के नोट को कैसे बदलें या खर्च करें. कोई पेट्रोल पंप जा रहा है तो कोई सोने की दुकान पर खरीददारी करने पहुंच रहा है. इन सबके बीच झांसी की महिलाओं ने 2000 रुपए का नोट खर्च करने का एक अनूठा तरीका खोज लिया है. महिलाएं बड़ी संख्या में पोस्ट ऑफिस की बचत स्कीमों में इन्वेस्ट कर रही हैं.
बीते कुछ दिनों में बड़ी संख्या में लोग पोस्ट ऑफिस में 2000 रूपए के नोट लेकर पहुंच रहे हैं और अलग-अलग योजनाओं में खाते खोल रहे हैं. इनमें अधिकतर संख्या महिलाओं की है.पूर्व में लोगों को यह शिकायत थी कि पोस्ट ऑफिस से 2000 रूपए के नोट क्यों नहीं बदले जा रहे हैं. लेकिन महिलाओं ने इस समस्या को एक अवसर की तरह देखा और अलग-अलग स्कीमों में पैसा लगा दिया. पिछले 3 दिनों में सेविंग के 75 खाते, रिकरिंग डिपॉजिट के 70 खाते, महिला इनकम स्कीम के 33 खाते, टाइम डिपाजिट के 111 खाते, सुकन्या समृद्धि के 24 खाते, महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट के 15 खाते, सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम के 15 खाते और पब्लिक प्रोविडेंट फंड के 3 खाते खोले गए.
महिलाएं खोल रही है खाता
खाता खोलने वालों में सबसे बड़ी संख्या महिलाओं की है. झांसी हेड पोस्ट ऑफिस के सीनियर पोस्टमास्टर राजू कुमार ने बताया कि आमतौर पर भी लोग बचत योजना में निवेश करते हैं. लेकिन 2000 रूपए के नोट बंद होने की जानकारी मिलने के बाद लोग इन नोटों को अलग-अलग बचत योजनाओं में निवेश कर रहे हैं. इनमें अधिकतर संख्या महिलाओं की है और यह लगातार बढ़ती जा रही है.
.
Tags: 2000 note, Jhansi news, Note ban, UP news
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 16:42 IST








