
जुगल कलाल/डूंगरपुर. डूंगरपुर में इस बीच गर्मी के मौसम में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. ऐसे में पानी की किल्लत से परेशान महिलाएं सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध करते हुए कलेक्टर से पानी की समस्या दूर करने की गुहार लगाईं.
गर्मी शुरू होते ही पानी की समस्या से कई दिनों तक जूझने के बाद गुस्साई महिलाएं कलेक्ट्रेट के बाहर सुबह पहुंचीं. यहां इन महिलाओं ने प्रदर्शन किया और प्रशासन को जल्द से जल्द पानी की समस्या दूर करने की चेतावनी दी. महिलाओं का कहना है कि कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की है. लेकिन, यहां कोई सुनने को तैयार नहीं है. आलम यह है कि पशुओं को भी पानी नहीं मिल रहा है.
दरअसल, डूंगरपुर शहर के फोज का बडला, गांधी जी के पॉल सहित अन्य जगह के लिए दो हैंडपंप लगाए गए हैं. उन हैंडपंप में सुबह 4 बजे पानी शुरू होता है. जो कि क़रीब एक से दो घंटे तक ही चलता है. ऐसे में वार्ड वासी सुबह 4 बजे पानी के लिए लाइन में लग जाते हैं. लाइन में 4 से 5 घंटे खड़े रहने के बाद भी पानी नहीं मिलता है. हालत ये कि न तो पीने का पानी मिल रहा है और न नहाने-धोने का. वॉर्डवासी बताते हैं कि वे पीने का पानी बाजार के एक बार तो ख़रीद के ले आते हैं. लेकिन उनके पशुओं को पानी नहीं मिल रहा है, जिसे वो बीमार भी पड़ते जा रहे हैं.
वॉर्ड वासियों ने बताया कि कई दिन तक तो पानी भी नहीं आता है. जलदाय विभाग से पानी की सप्लाई नहीं होने की वजह से महिलाओं को अन्य जगहों से पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है. यह बस्ती पहाड़ी पर बसी हुई है. लिहाजा, पानी से भरे मटकों को घाटी चढ़कर ले जाना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी आ रही है. कई बार जलदाय विभाग को इसकी शिकायत की है. लेकिन ठीक से जवाब तक नहीं देते है. ऐसे में उन्हें मजबूरन कलेक्ट्रेट पहुंचना पड़ा और कलेक्टर से शिकायत करनी पड़ी. वहीं, महिलाओ ने पानी की समस्या दूर नही होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 15:35 IST








