
मनमोहन सेजू/ बाड़मेर. एक साथ 308 बच्चों ने पर्यावरण के लिए खतरे का सबब बन चुके ग्लोबल वार्मिंग पर आर्टिकल लिखकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है. भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे सरहदी बाड़मेर जिला मुख्यालय पर स्थित कलाम आश्रम के 308 बच्चों ने ग्लोबल वार्मिंग जैसी विश्व व्यापी समस्या पर एक जैसी हैंडराइटिंग और एक साथ लिखकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है.
दिल्ली के रहने वाले विश्वरिकार्डधारी, हैंडराइटिंग गुरु ओमप्रकाश सिवाच की मौजूदगी में कलाम आश्रम के 308 बच्चों ने शनिवार को जब नया कीर्तिमान रचा तो पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा. हैंडराइटिंग गुरु ओमप्रकाश सिवाच के नाम पर यह रिकॉर्ड पिछले मई में 307 बच्चों की हैंड राइटिंग का रिकॉर्ड दर्ज था. उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान रचा है.
दरअसल बाड़मेर के कलाम आश्रम में चल रहे समर कैंप में जिले भर के सैकड़ों बच्चें भाग ले रहे है और इन बच्चों को कैलीग्राफी के जरिए हैंड राइटिंग सुधारने की क्लास लेने वाले ओमप्रकाश सिवाच को ग्रेट इंडियन वर्ड रिकॉर्ड की टीम ने ग्लोबल वार्मिंग पर आर्टिकल लिख नया कीर्तिमान रचने का लक्ष्य दिया था. जिसे उन्होंने दिल्ली से भारत-पाकिस्तान के सीमावर्ती बाड़मेर में आकर इस रिकॉर्ड को तोड़ने का सोचा और शनिवार को उन्होंने इस कीर्तिमान को रच दिया है.
कलाम आश्रम में समर कैम्प में भाग लेकर इस नए कीर्तिमान का हिस्सा बनी माया के मुताबिक पहले हैंडराइटिंग सही नहींथी. लेकिन समर कैम्प में भाग लेने के बाद अब लिखावट में सुधार हुआ है और इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का हिस्सा बने है. वही सोनम के मुताबिक इस कैम्प में आकर ना केवल उन्हें बेहद खुशी हुई वही उनकी हैंड राइटिंग भी बहुत अच्छी हो गई. वही विश्वरिकार्डधारी, हैंडराइटिंग गुरु ओमप्रकाश सिवाच अपने नए कीर्तिमान से बेहद खुश नजर आए.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 15:30 IST








