श्योपुर. सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले जिले के एक युवक से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद बात की और उनकी समस्या जानी. इसके बाद सीएम ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए की उक्त शिकायतों का निराकरण तत्काल किया जाए. इसके बाद जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और उन्होंने ने युवक के द्वारा बताई गई समस्या के समाधान पर बीती रात से ही काम करना शुरू कर दिया है.
मामला जिले की वीरपुर तहसील मुख्यालय के बाजार का है, जहां सोनी मोहल्ला, ब्राह्मण और भोई मोहल्ला से लेकर गली मोहल्ला में कई दिनों से कीचड़ और गंदगी भरी पड़ी थी. सड़कें भी खुदी हुई पड़ी थी. इसे लेकर वीरपुर के पांचों कॉलोनी गांव निवासी युवक पंकज शर्मा सहित अन्य युवाओं ने जिले के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 181 पर कॉल करके इस समस्या की शिकायत दर्ज करा दी.
शिकायत पर स्थानीय अधिकारियों ने तत्काल कोई एक्शन नहीं लिया लेकिन, सीएम शिवराज सिंह चौहान इस शिकायत को गंभीरता से लेकर शिकायत करने वाले कॉलर से बीते रोज फोन पर बात की और उनसे समस्या के बारे में जानकारी ली. शिकायतकर्ता पंकज शर्मा ने सीएम को बताया कि बीरपुर में गंदगी के अलावा सड़कें खुदी पड़ी है, जिसकी शिकायतें करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं.
बीरपुर में गंदगी के अलावा सड़कें खुदी पड़ी है, जिसकी शिकायतें करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं. (फोटो-न्यूज18)
समस्या के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
सीएम ने शिकायत की जानकारी लेते ही जिले के कलेक्टर को फोन करके समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है. सीएम का कॉल आने की खबर पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया है. विजयपुर एसडीएम नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारी कुछ ही घंटों बाद मौके पर पहुंच गए और शिकायतकर्ता को बुलवाकर उनसे बात की और समस्या का समाधान करवाने के लिए कार्य शुरू कर दिए हैं.
सड़क सुधार का कार्य शुरु
अधिकारी रातभर जेसीबी मशीन चलवा कर गंदगी की सफाई करवाते हुए नजर आए और जो गड्ढे नल जल योजना के लाइन के लिए खोदकर छोड़ दिए गए थे, उनके भराव का काम भी शुरू कर दिया गया है. मौजूदा हालातों में सड़क दुरुस्त नहीं हो पाई है, लेकिन सीएम के फोन के बाद प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है और वीरपुर की इस समस्या का समाधान करने के लिए जिम्मेदार जुट गए हैं.
समस्या के समाधान की कही बात
इस बारे में शिकायतकर्ता पंकज शर्मा से जब बात की गई तो उनका कहना है कि, सड़क और गंदगी की बीरपुर में बहुत समस्या है. मैंने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी. मुख्यमंत्री जी ने मुझसे फोन पर बात की और इसके बाद अधिकारी यहां पर आ गए. उन्होंने भी मुझसे बात की है और जल्द वह समस्या का समाधान कराने की बात कह रहे हैं.
.
Tags: CM Shivraj Singh Chauhan, Mp news, Sheopur news, Shivraj singh chouhan
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 14:46 IST








