
लाहौर. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक युवती को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह मामला झूठी शान की खातिर हत्या (ऑनर किलिंग) का है. पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को लाहौर से लगभग 200 किलोमीटर दूर झंग जिले के गढ़ महाराजा में हुई.
जांच अधिकारी मोहम्मद आजम ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रजाब अली ने अपने बेटों जब्बार और आमिर तथा परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 26 मई को अपनी 20 वर्षीय बेटी को घर में आग लगाने से पहले बुरी तरह प्रताड़ित किया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवती अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करना चाहती थी. उन्होंने कहा, ‘एक दिन पहले, वह घर से चली गई थीं और ऐसा बताया जाता है कि लौटने से पहले उस व्यक्ति के साथ कुछ समय बिताया था.’
आजम ने बताया कि उसके लौटने पर उसके पिता, दो भाइयों और परिवार की कुछ महिलाओं ने उसे रस्सी से बांध दिया और आग लगाने से पहले युवती को बुरी तरह से प्रताड़ित किया. उन्होंने बताया कि पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा, ‘मरने से पहले उसने पुलिस को आग लगाने वालों के बारे में बताया था.’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के पिता, दो भाइयों और एक बहन को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों को अपने इस कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है और उनका कहना है कि लड़की ने परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाई है.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 10:57 IST








