
कानपुर. कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया है जब मायके आई बरखा सैनी की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी परिजनों द्वारा जैसे ही पुलिस को मिली तो आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में लग गई.
लड़की के पिता ओम प्रकाश सैनी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उनके साले की तेरहवीं में शामिल होने उनकी लड़की बरखा और उसके दो बच्चे अपनी ससुराल से आई हुई थी. कार्यक्रम के बाद वह अपने परिजनों के साथ अपने मायके आ गई. रात्रि करीब 11:00 बजे के लगभग जब नानी ने बरखा को आवाज लगाई तो बरखा ने कोई भी उत्तर न दिया. इसके बाद परिजनों ने जाकर देखा तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई. बरखा का रक्तरंजित शव पड़ा देखकर सभी के होश उड़ गए. परिजनों द्वारा पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी गई तो आनन-फानन में पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई.
डीसीपी सेंट्रल आरती सिंह ने बताया कि इस घटना को देखते हुए मामला प्रथम दृश्य प्रेम प्रसंग का लग रहा है. पति ने भी दीपक गुप्ता के नाम से तहरीर दी है. सीसीटीवी फुटेज में भी दीपक गुप्ता जाते हुए दिखाई दे रहा है. डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि संभवतः ऐसा लग रहा है कि प्रेमी द्वारा बरखा सैनी की गला रेत कर हत्या की गई. उसके बाद प्रेमी का भी शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ मिला. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है जो तथ्य निकलकर सामने आएंगे उस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.








