
नई दिल्ली. आईपीएल 2023 का फाइनल बारिश के चलते 28 मई को नहीं खेला जा सका. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब यह मुकाबला आज यानी 29 मई को खेला जाएगा. तेज बारिश के चलते मैच में टॉस तक नहीं हो सका. इंडियन प्रीमियर लीग के 16 साल के इतिहास की बात करें, तो पहली बार फाइनल रिजर्व-डे के दिन खेला जाएगा. यदि आज भी बारिश के चलते मैच नहीं हो पाता है, तो गुजरात टाइटंस की टीम विजेता बन जाएगी. नियम के मुताबिक, टेबल में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है. गुजरात प्वाइंट टेबल में 10 जीत के साथ टाॅप पर रही थी, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा स्थान मिला था.
41 साल के एमएस धोनी आगे आईपीएल खेलेंगे या नहीं, इस पर सवाल बना हुआ है. लेकिन शायद उन्हें 2019 का वनडे वर्ल्ड कप याद होगा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला मैनचेस्टर में रिजर्व-डे के दिन गया था और भारतीय टीम को हार मिली थी. यह महेंद्र सिंह धोनी का अंतिम इंटरनेशनल मैच था. उन्होंने अगस्त 2020 में संन्यास ले लिया था. ऐसे में आईपीएल के 16वें सीजन के फाइनल का रिजल्ट भी माही के लिए खास होने वाला है.
रन आउट से बदल गई थी पूरा कहानी
भारत और न्यूजीलैंड का सेमीफाइनल मैच 9 जुलाई को होना था, जो 10 जुलाई को पूरा हुआ था. मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 239 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया ने 92 रन पर 6 विकेट खो दिए थे. एमएस धोनी ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला था, लेकिन मार्टिन गप्टिल के डायरेक्ट थ्रो पर माही रन आउट हो गए थे और भारत को अंत में इस मुकाबले में 18 रन से हार मिली थी. धोनी ने 50 तो जडेजा ने 77 रन बनाए थे.
एमएस धोनी बतौर कप्तान चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का 4 खिताब दिला चुके हैं. वहीं हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस को लगातार दूसरा टाइटल दिलाना चाहेंगे. मैच आज भी भारतीय समयानुसार शाम 7.30 पर शुरू होगा. मैदान पर अब तक सीएसके को भी जीत नहीं मिली है जबकि टाइटंस ने 9 में से 6 मुकाबले जीते हैं.
.
Tags: Chennai super kings, IPL, IPL 2023, Ms dhoni
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 05:56 IST









