
हाइलाइट्स
भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दो मैच जीत चुकी है
टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ कोई कोताही नहीं बरतना चाहेगी
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) की टीमें जूनियर पुरुष हॉकी एशिया कप 2023 (Junior Men’s Hockey Asia Cup) शनिवार को आमने सामने होंगी. दोनों टीमों को पूल ए में रखा गया है. भारतीय टीम का शुरुआती 2 मुकाबले जीतने के बाद आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है. ओमान के सालाह में खेले जाने वाले भारत बनाम पाक मुकाबले को लेकर चर्चा जोरों पर है. टीम इंडिया पाकिस्तान को हराकर जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी.
भारत ने पहले मैच में चीनी ताइपै को 18-0 से हराया. इसके बाद जापान को 3-1 से मात दी. भारत की असल परीक्षा पाकिस्तान के खिलाफ होगी जिसने चीनी ताइपै को 15-1 से और थाईलैंड को 9-0 से शिकस्त दी है. भारतीय कप्तान उत्तम सिंह ने कहा कि दो जीत के बाद उनकी टीम का मनोबल बढा है लेकिन स्वीकार किया कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला कड़ा होगा. उन्होंने कहा, ‘हमने टूर्नामेंट की शुरूआत मजबूती से की है और हम पाकिस्तान के खिलाफ भी उसी रवैये के साथ उत पहली दो जीत से हमारा आत्मविश्वास बढा है. पाकिस्तान भी मजबूत टीम है और यह मुकाबला बराबरी का होगा.’ उत्तम ने कहा कि भारत का डिफेंस पाकिस्तानी हमलों का सामना करने में सक्षम है.
यह भी पढ़ें:महिला हॉकी टीम की दमदार वापसी, ऑस्ट्रेलिया की क्लीनस्वीप के मंसूबों पर फेरा पानी, दीप ग्रेस का कमाल
‘हमारा डिफेंस अच्छा है’
बकौल उत्तम, ‘हमारा डिफेंस अच्छा है लेकिन पाकिस्तान के पास भी अच्छे फॉरवर्ड खिलाड़ी हैं. हमने हालांकि अतीत में भी ऐसी चुनौतियों का सामना किया है और हमें यकीन है कि हम उन्हें गोल नहीं करने देंगे.’ दोनों टीमें आखिरी बार 2015 जूनियर एशिया कप फाइनल में एक दूसरे से खेली थी जिसमें भारत 6-2 से विजयी रहा था. वर्ष 2011 के बाद से जूनियर एशिया कप में दोनों का सामना 7 बार हुआ है जिसमें से पांच बार भारत विजयी रहा है और पाकिस्तान ने एक जीत दर्ज की है. एक मैच ड्रॉ रहा है.
‘पाकिस्तान से खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है’
भारत के मुख्य कोच सी आर कुमार ने कहा , ‘पाकिस्तान से खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है. हमने हालांकि अच्छी तैयारी की है और उस पर फोकस करने से नतीजा अच्छा रहेगा.’ भारत को रविवार को थाईलैंड से खेलना है.
(इनपुट- भाषा)
.
Tags: Hockey, India Vs Pakistan, Indian Hockey Team
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 16:44 IST








