
आदित्य आनंद/गोड्डा. झारखंड के गोड्डा के लोहियानगर निवासी आलोक पंजियार ने यूपीएससी परीक्षा में 549वां रैंक हासिल की है. इसके बाद से आलोक के परिवार में जश्न का माहौल है, तो पूरे जिले में चर्चा हो रही है. बता दें कि आलोक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बोर्ड स्कूल गोड्डा में रहकर की है. उसके बाद छठी से बारहवीं तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय और फिर नॉटिकल साइंस से टीएस चाणक्य मुंबई से स्नातक की पढ़ाई की है.
आलोक ने समुद्री सेना के जहाज में थर्ड नेविगेटिंग ऑफिसर के रूप में 7 वर्ष तक अपना योगदान दिया. जबकि वह पिछले 4 वर्षों से यूपीएससी की तैयारी में जुटे थे. उन्होंने दूसरे प्रयास में इस परीक्षा में सफलता पाई है. वहीं, आलोक पंजियार ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईएएस ऑफिसर बनने का था. उन्होंने अपनी मां ललिता देवी और पिता राजकिशोर पंजियार के आशीर्वाद से परीक्षा पास की है. साथ ही कहा कि विपरीत परिस्थिति में उनके छोटे भाई आनंद कुमार और छोटी बहन सीमा भारती का भी भरपूर सहयोग मिला.
पिछली बार इंटरव्यू में मिली थी असफलता
आलोक ने बताया कि पिछली बार पीटी एग्जाम क्लीयर करने के बाद इंटरव्यू में वह पीछे रह गए थे. वहीं, इस बार मेंस और इंटरव्यू दोनों ही उन्होंने पास करने में सफलता हासिल की. बहुत सिद्द से देखा गया सपना सच हुआ है.
मंगेतर के घर वाले भी खुश
वहीं आलोक के पिता राजकिशोर पंजियार ने बताया कि आने वाले 28 जून को आलोक की शादी बिहार के पूर्णिया जिले में तय हुई है. बेटे की कामयाबी से लड़की और उसके घर वाले भी काफी खुश हैं. पूरे परिवार में खुशियों का माहौल बना हुआ है.
.
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 10:35 IST








