
अनंत कुमार/ गुमला.जैक ने मैट्रिक का परीक्षाफल जारी कर दिया है. मैट्रिक की परीक्षा में सिसई प्रखंड के आश्रम गर्ल्स हाई स्कूल सिसई की छात्रा संध्या उरांव ने 96.60% अंक लाकर द्वितीय जिला टॉपर बनी है. संध्या को हिंदी में 98, संस्कृत में 98, गणित में 97, सामाजिक विज्ञान में 95 और अंग्रेजी में 95 अंक प्राप्त हुए हैं. संध्या की सफलता से स्कूल व घर पर हर्ष का माहौल है. संध्या लोहरदगा जिला के कोटा, भंडरा गांव की निवासी है. उसने अपनी प्राइमरी शिक्षा गांव में स्थित नव प्राथमिक विद्यालय कोटा से की. आगे की शिक्षा के लिए गुमला जिला के सिसई प्रखंड स्थित आश्रम गर्ल्स हाई स्कूल सिसई गुमला का फार्म भरी. प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद उसने वहां अपना नामांकन कराया एवं मैट्रिक में 96.60% लाकर स्कूल टॉपर व गुमला की सेकंड टॉपर बनी.
बताते चलें कि संध्या के पिता पितरुस उरांव राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय विटपी, भंडरा में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. साथ में उसके पिता स्कूल से आने के बाद खेती बारी भी करते हैं. मां आशा उरांव गृहिणी हैं. संध्या ने कहा कि मुझे अपने पिता एवं शिक्षकों से पढ़ाई करने की प्रेरणा मिली एवं सेल्फ स्टडी का महत्वपूर्ण योगदान रहा. मैं अपनी सफलता का श्रेय माता- पिता, स्कूल के शिक्षकों को देना चाहूंगी जिन्होंने हमेशा पढ़ाई को लेकर मोटिवेट किया. जिसकी गाइडलाइन की वजह से मुझे सफलता मिली.
संध्या उरांव ने बताया कि मैं अपनी सहेली दुलारी कुमारी के साथ मिलकर पढ़ाई करती थी. दुलारी को भी 94 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं. हमलोग रोजाना औसतन 5 घंटे स्टडी करते थे. सुबह स्कूल जाने से पूर्व एवं स्कूल छुट्टी होने के बाद सेल्फ स्टडी, गृह कार्य इत्यादि करते थे. हमारे विद्यालय में सामाजिक विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं. भौतिकी के शिक्षक सामाजिक विज्ञान पढ़ाते हैं. सफलता के लिए रूटीन बनाकर स्टडी करें एवं पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद मस्ती भी करें. मैं आगे की पढ़ाई साइंस लेकर करना चाहती हूं. मेरा सपना आईएएस बनकर देश की सेवा करने की है.
.
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 22:39 IST








