
रामकुमार नायक/धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वन्य प्राणियों द्वारा मानव पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक घटना सामने आई है. जिसमे भालू ने एक ग्रामीण पर जानलेवा हमला किया है. फिलहाल घायल ग्रामीण को जिले के नगरी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. यह पहली घटना नहीं इससे पहले भी दो महिलाओं को भालू घायल कर चुका है.
दरअसल धमतरी जिले में रिसगांव निवासी लखन मंडावी अपने ससुराल परिजनों से मिलने ओडिशा गया था. लखन मंडावी ससुराल में रिश्तेदारो से मिलकर वापस घर आ रहा था. उसी दौरान रिसगांव वन परिक्षेत्र के सालेभांठा लावा टोरी के जंगल में भालू रास्ते में आ गया. वहीं लखन लाल कुछ कर पाता इससे पहले भालू उसके उपर हमला कर दिया. आसपास के लोगों की मदद से घायल हो इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
हालत गंभीर
वन परिक्षेत्र रिसंगाव के रेंजर भावसिंह देवांगन ने बताया कि जिस इलाके में यह घटना हुई वह जंगली जानवर रहते हैं. लखन अपने ससुराल ओडिशा गया था, ओडिशा से लगभग सुबह 6 बजे वापस अपने गांव रिसगांव आ रहा था. इसी बीच भालू ने अचानक हमला किया. स्थिति बहुत ही गंभीर है. उसके इलाज के लिए नगरी लाया गया है. यहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर रायपुर रेफर किया जाएगा. परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में 10 हजार रुपए दिए गए हैं. इलाज के लिए जो भी खर्चा होगा उसका वहन शासन करेगा.








