
उधव कृष्ण/पटना. ऐसा माना जाता है कि बिहार की धरती में मिठास ही मिठास है. बात जब मिठास की हो रही हो तो पिरुकिया का जिक्र होना भी लाजमी है. छठ महापर्व में जब दूसरे प्रदेशों से बिहारवासी छठ मनाने अपने-अपने घर लौटने लगते हैं, तब भी जान पहचान के लोग उनसे छठ पूजा के प्रसाद के रूप में पिरुकिया लाने की जिद करते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि इसका स्वाद एकदम अनोखा होता है. और जब पिरुकिया खोए से बनी हो और शुद्ध घी में छानी गई हो तो उसकी बात ही अलग है. आप इतना तो समझ ही गए होंगे कि इस खबर में हम पिरुकिया के बारे में ही बात करने वाले हैं, तो फिर देर किस बात की, आप भी इसका स्वाद चखिए.
राजेंद्र नगर के कांटी फैक्ट्री रोड में स्थित गौरी शंकर मिष्ठान भंडार में पिरुकिया का स्वाद ले रहे ग्राहक वैभव कुमार ने न्यूज18 लोकल से बातचीत के क्रम में बताया कि पिरुकिया लव है हमारा. जब भी मौका मिलता है वे पिरुकिया का स्वाद लेने अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंच जाते हैं. इसके अलावा छात्र पुलकित कुमार के मित्र आनंद कुमार ने बताया वे दिल्ली में रहते हैं. अभी दरभंगा जा रहे थे, पर अपने दोस्त के कहने पर ही वे खासकर पटना में पिरुकिया खाने को रुके हैं.
दुकानदार रामबाबू बताते हैं कि ये पिरुकिया थावे की प्रसिद्ध मिठाई है. उनकी माने तो पिरुकियाबनाना बहुत महीन काम है. इसलिए इसमें वक्त भी लगता है. पिरुकिया तैयार करने में मैदा, पानी, खोए, शुद्ध घी और चासनी का प्रयोग किया जाता है. चीनी और मैदे के अलावा बाकी की सारी सामग्री दुकान में ही तैयार की जाती है. कीमत की बात करें तो जहां पिरुकिया 300 रुपए प्रति किग्रा के हिसाब से मिलती है, तो वहीं पेड़े की कीमत 360 रुपए प्रति किग्रा है. प्रति पीस के हिसाब से पिरुकिया 18 और पेड़ा 12 रुपए में मिल जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 12:25 IST








