
आदित्य आनंद/गोड्डा. झारखंड बोर्ड ने मंगलवार को इंटर साइंस का रिजल्ट जारी कर दिया है. गोड्डा के हवाई नगर का रहने वाला संदीप ठाकुर ने 12वीं की परीक्षा में 90.6 प्रतिशत लाकर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है. सूरज मंडल हाई स्कूल पोड़ैयाहाट के छात्र संदीप को फिजिक्स में 84, केमिस्ट्री में 94, बायोलॉजी में 89, गणित में 96 और इंग्लिश में 90 अंक प्राप्त हुए हैं. इस सफलता से घर व स्कूल पर खुशी का माहौल है.
संदीप ठाकुर ने बताया कि रिजल्ट देखकर उसे काफी अच्छा लगा. रिजल्ट चेक करते वक्त उसे पता नहीं था कि वह जिले का सेकंड टॉपर है. दो घंटे बाद लिस्ट जारी हुई तो पता चला की जिले में उसका दूसरा स्थान है, जिसके बाद खुशी का ठिकाना नहीं था. उसने बताया कि मेहनत के अनुरूप परिणाम आया है. उसने घर पर रहकर परीक्षा की तैयारी की थी. रोजाना 7-8 घंटे सेल्फ स्टडी किया करता था.
दसवीं में भी आए थे अच्छे नंबर
इससे पहले 10वीं की परीक्षा में भी उसने अच्छा प्रदर्शन किया था. सदर प्रखंड के अमलो फासिया स्कूल से पढ़कर मैट्रिक में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे. संदीप आगे चलकर यूपीएससी की परीक्षा क्रैक कर आईएएस अधिकारी बनना चाहता है.
पिता हैं शिक्षक
वहीं, संदीप के पिता अशोक ठाकुर दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड के मध्य विद्यालय ककनी में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं और माता पार्वती देवी गृहणी हैं. माता-पिता ने कहा कि बेटे ने काफी संघर्ष ये इस सफलता को प्राप्त किया है. आगे वह अपनी रुचि के अनुसार करियर का चयन करे. परिवार की ओर से कोई दबाव नहीं है. हमेशा हमारा सहयोग रहेगा.
.
Tags: Godda news, JAC, Jharkhand board result, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 22:42 IST








