
हाइलाइट्स
बर्नार्ड अरनॉल्ट ने एक दिन में गंवाए 92 हजार करोड़ रुपये.
LVMH के शेयर्स में 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं बर्नार्ड अरनॉल्ट.
नई दिल्ली. दुनिया के सबसे अमीर आदमी बर्नार्ड अरनॉल्ट (Bernard Arnault) को एक दिन में 11.2 बिलियन डॉलर यानी 90 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो गया. बर्नार्ड अरनॉल्ट लग्जरी ब्रांड LVHM के फाउंडर और CEO हैं. दरअसल, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी और उसकी वजह से लग्जरी सामानों की मांग में गिरावट की चिंता के बीच LVMH के स्टॉक्स तेज़ी के नीचे गिरे, इस वजह से बर्नार्ड अरनॉल्ट को एक दिन में इतना बड़ा नुकसान उठाना पड़ा.
आपको बता दें कि LVMH की सब्सिडियरी कंपनियों में लुई विटॉन, डियोर, टिफनी, बुलगारी जैसे लग्जरी ब्रांड्स शामिल हैं. मंगलवार को पेरिस में कंपनी के शेयर्स में 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेरिस में हुए एक लग्जरी कॉन्फ्रेंस में शामिल लोगों ने आशंका जताई थी कि अमेरिका में लग्जरी ब्रांड्स की परफॉर्मेंस कमजोर पड़ सकती है.इसके बाद पूरे यूरोप में लग्जरी ब्रांड्स के शेयर्स में गिरावट देखी गई. लग्जरी ब्रांड्स के स्टॉक्स ने यूरोप में एक दिन में करीब 30 बिलियन डॉलर का नुकसान उठाया है.
हालांकि, इस भारी नुकसान के बाद भी बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ 191.6 बिलियन डॉलर की बनी हुई है. इस साल में अभी तक उनकी नेटवर्थ में 29.5 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है. कंपनी के शेयर्स इस साल में 23 फीसदी ऊपर हुए हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अब अरनॉल्ट और दुनिया के दूसरे अमीर व्यक्ति टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क की नेटवर्थ में 11.4 बिलियन डॉलर यानी करीब 94 हजार करोड़ रुपये का अंतर रह गया है.
कौन हैं बर्नार्ड अरनॉल्ट
फ्रांस में जन्मे अरनॉल्ट ने 1985 में टेक्स्टाइल ब्रांड क्रिश्चियन डियोर को 15 मिलियन डॉलर में खरीदा था. ब्रांड ने यूरोपियन मार्केट में अपनी जगह बनाई तो 1987 में उन्होंने LVMH लॉन्च किया. LVMH एक बड़ा अम्ब्रेला है जिसके अंदर आने वाली कंपनियां लग्जरी कपड़ों से लेकर एक्सेसरीज, मेकअप, शैम्पेन, वाइन सब कुछ बनाती हैं. पूरी दुनिया में कंपनी के 5500 से ज्यादा स्टोर्स हैं.
बीते साल 73 साल के अरनॉल्ट ने कंपनी के CEO की एज लिमिट से जुड़े नियमों में बदलाव किया था. अब वो 80 की उम्र तक कंपनी के सीईओ रह सकते हैं. अरनॉल्ट की दो शादियों से पांच बच्चे हैं. सभी फैमिली बिजनेस से जुड़े हैं.
.
Tags: Business news in hindi, Share market, USA share market
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 20:54 IST








