अहमदाबाद: सास बना रही थी सती होने का दबाव, 28 साल की कंप्‍यूटर इंजीनियर बहू ने कर ली आत्‍महत्‍या

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद से सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां 28 साल की एक कंप्‍यूटर इंजीनियर बहू ने साबरमती नदी में कूदकर आत्‍महत्‍या कर ली. उसकी पहचान राजस्‍थान के भीलवाड़ा की संगीता लखरा के रूप में हुई है. उसका सुसाइड नोट भी बरामद हो गया है जिसमें उसने अपनी सास और 4 अन्‍य लोगों पर सती होने का दबाव डालने की बात कही है. संगीता के पति की 10 फरवरी 2022 को एक दुर्घटना में मौत हो गई थी, तब से ससुराल वाले उस पर दबाव डाल रहे थे कि वह सती हो जाए. सती एक कुप्रथा है जिसमें पति के शव के साथ पत्‍नी भी चिता में जलकर आत्‍मदाह कर लेती है.

पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता रमेश ने साबरमती रिवर फ्रंट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्‍होंने बताया है कि अब वे सूरत में एक किराने की दुकान चलाते हैं और उनकी बेटी को उसकी सास और 4 अन्‍य लोगों ने घरेलू हिंसा का शिकार बनाया. उसके ससुराल वाले संगीता को तंग करते थे, जिससे परेशान होकर उसने आत्‍महत्‍या कर ली. रमेश ने बताया कि 10 मई को संगीता घर से लापता हो गई थी और 11 मई की सुबह साबरमती नदी से उसका शव मिला. ‘टाइम्‍स आफ इंडिया’ की खबर के अनुसार संगीता ने अपने भाई के लिए कुछ ऑडियो और टेक्स्ट संदेश छोड़े और कठोर कदम उठाने के लिए माफी मांगी.

डायरी में लिखा सुसाइड नोट, ताने सुन-सुन कर हो गई थी परेशान
मृतक संगीता ने कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था. अपने पति की मृत्यु के बाद, वह सूरत में अपने माता-पिता के घर चली गई. कथित सुसाइड नोट के अनुसार, संगीता ने लिखा कि उसकी सास कैलाश देवी लखरा और परिवार के चार अन्य लोगों ने उसे यह साबित करने के लिए सती होने के लिए प्रताड़ित किया कि वह एक अच्छे चरित्र की थी. प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़िता ने सुसाइड नोट अपनी डायरी में लिखा है. संगीता के पिता की शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह अपने पति की मौत के लिए ताने दिए जाने से थक गई थी और इस तरह वह बाद में अपने माता-पिता के घर चली गई. पिता रमेश ने बताया कि संगीता डिप्रेशन में थी, लेकिन वह सूरत के एक मॉल में काम करने लगी थी. लापता होने पर उसके मोबाइल लोकेशन से पता चला कि वह अहमदाबाद में है, तो पिता उसे अहमदाबाद में तलाश कर रहे थे.

Tags: Ahmedabad News, Crime story, Diary suicide note, Gujarat, Suicide Case

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें