
रिपोर्ट- ओम प्रयास
हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में लूट की एक वारदात के बारे में सुनकर आपको अक्षय कुमार की फिल्म स्पेशल 26 याद आ जाएगी. फिल्म की तरह ही एक कारोबारी के घर में रेड मारकर लूट को अंजाम दिया गया है. स्पेशल 26 फिल्म के जैसे कुछ लोगों ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर कारोबारी के घर से लाखों रुपये लूट लिए. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
मिली जानकारी के अनुसार, मामला रुड़की क्षेत्र के गंगनहर कोतवाली का है. कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा विहार सुनहरा रोड निवासी कारोबारी सुधीर कुमार जैन की खाद्य सामग्री बनाने की फैक्ट्री है. उन्होंने पुलिस को बताया कि एक कार में तीन-चार लोग उनके घर पर आए थे. उन्होंने खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी.
परिवारवालों को दी धमकी
सुधीर जैन की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ करने के बाद उन्होंने घर की तलाशी लेना शुरू कर दिया. फर्जी अधिकारियों ने सभी से कहा कि कोई भी फोन का इस्तेमाल नहीं करेगा. वह जांच में सहयोग करें वरना उनके सामने परेशानी खड़ी हो जाएगी. जिसके बाद उन्होंने घर को अच्छी तरह से खंगालना शुरू कर दिया.
20 लाख रुपये पर हाथ साफ
इस दौरान उन्होंने घर से करीब 20 लाख की रकम अपने कब्जे में ले ली. कुछ कागजात भी अपने कब्जे में लेकर उन्होंने सुधीर जैन से कहा कि अभी तो वे जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद फिर आएंगे.जैन को तब तक अपने साथ लूट का कोई आभास नहीं हुआ था. वह घर के बाहर तक उन्हें छोड़ने के लिए आए. इसके बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर वहां से चले गए.
बाद में हुआ शक
सुधीर जैन को कुछ शक हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की. उन्हें आयकर विभाग से जानकारी मिली कि ऐसी कोई टीम नहीं है और न ही उनके घर पर कोई रेड की गई है. जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई लूट का पता चला. उन्होंने फौरन पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई.
आरोपियों की तलाश जारी
एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. आरोपी जिस कार से आए थे, उसका नंबर फर्जी निकला. पुलिस जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी. पुलिस टीम सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
.
Tags: Crime News, Income tax raid, Loot
FIRST PUBLISHED : February 13, 2023, 14:07 IST








