
अनुज गौतम/सागर: सागर की एक बेटी को जन्मदिन से ठीक 4 दिन पहले मेहनत का शानदार तोहफा मिला है. दामिनी दिवाकर ने 20 महीने के अंतराल में दूसरी बार यूपीएससी की परीक्षा पास की है. इतना ही नहीं दामिनी ने इस बार 159 स्थान की छलांग लगाकर 435वीं रैंक हासिल की है.
2021 में दामिनी को 594वीं रैंक मिली थी. दामिनी की परवरिश उनकी टीचर मां रश्मि दिवाकर ने की है. मां का नाम रोशन करने के लिए दामिनी ने भी खूब संघर्ष किया, मेहनत की और आज इस मुकाम पर पहुंच गई, जिसके बाद परिवार में खुशी का माहौल है.
मकरोनिया के अंकुर कॉलोनी में रहने वाली 26 साल की दामिनी के सिर से बचपन में ही पिता का साया उठ गया था. तब मां रश्मि ने उसकी परवरिश की. पेशे से शिक्षक मां के सामने भी दोहरी चुनौती थी. एक तो स्कूल की ड्यूटी निभानी थी, तो दूसरा बेटियों को भी अच्छे से पढ़ा लिखा कर वह अफसर बनते देखना चाहती थी.
तीसरे अटेम्प्ट में हुई थी सफल
मां ने दामिनी की प्राइमरी की पढ़ाई वात्सल्य स्कूल से करवाई. फिर मिडिल और हायर सेकेंडरी की पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से हुई. इसके बाद फिजिक्स से बीएससी भोपाल कॉलेज से की. 2018 में ग्रेजुएशन कंप्लीट होने के बाद घर से self-study की और नोट्स बनाए. दोस्तों की मदद ली, मां के मोटिवेशन ने और ज्यादा प्रेरित किया और तीसरी बार में ही यह परीक्षा 2021 में पास कर ली थी.
Indian Defense कैडर में मिली थी पोस्ट
तीसरे अटेम्प्ट में सफल होने के बाद दामिनी को Indian Defense कैडर में पोस्ट मिली थी. ज्वाइन करने के बाद उसने 1 साल का होल्ड लिया और दोबारा से तैयारी शुरू की. इस बार और ज्यादा मन लगाकर मेहनत की. 1 जनवरी 2023 से दामिनी हरियाणा के फरीदाबाद में ट्रेनिंग में हैं. मई 23 में यह दूसरी बार परीक्षा पास करने पर दामिनी ने कहा कि वह इस बार बहुत खुश हैं. इस सफलता का श्रेय उसने अपनी मां को दिया है. साथ ही सफलता का मंत्र भी बताया. कहा कि किसी भी चीज की अगर आप तैयारी कर रहे हैं तो उसकी निरंतरता बनाए रखें जो लक्ष्य बना लेते हैं केवल उसी पर फोकस रखें.
मां की मेहनत रंग लाई
वहीं दामिनी की मां रश्मि ने भी अपनी बेटी पर गर्व जताते हुए कहा कि आज मेरी बेटी ने न सिर्फ मेरा बल्कि, जिले का भी नाम रोशन किया है. उनकी दो बेटियां हैं, एक अफसर बनना चाहती थी और छोटी बेटी सीए बनना चाहती है. वह भी पढ़ाई कर रही है, उसका इस साल बीए फाइनल है. रश्मि ने कहा कि अपने बच्चों की तरक्की देखकर उनकी मेहनत देखकर बहुत खुशी हो रही है.
.
Tags: Mp news, Sagar news, Upsc result, Womens Success Story
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 15:35 IST








