
नई दिल्ली. नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर सियासी संग्राम जारी है. कांग्रेस समेत विपक्ष के 19 दलों ने बुधवार को कहा कि वे संसद के नए भवन के उद्घाटन समारोह का सामूहिक बहिष्कार करेंगे क्योंकि इस सरकार में संसद से लोकतंत्र की आत्मा को निकाल दिया गया है. उन्होंने एक संयुक्त बयान में यह आरोप भी लगाया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उद्घाटन समारोह से दरकिनार करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद के नए भवन का उद्घाटन करने का फैसला लोकतंत्र पर सीधा हमला है.
दरअसल, विपक्ष इस बात से नाराज है कि नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जबकि उनकी मांग है कि ये राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से कराया जाए. कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, द्रमुक, समाजवादी पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कई अन्य विपक्षी दलों ने संयुक्त बयान जारी किया है. उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मई को संसद के नए भवन का उद्घाटन करेंगे.
इन 19 पार्टियों ने किया है बहिष्कार का ऐलान
कांग्रेस, डीएमके, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (उद्धव), समाजवादी पार्टी, सीपीआई, झामुमो, केरल कांग्रेस (मणि), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), राष्ट्रीय लोकदल, तृणमूल कांग्रेस, जेडीयू, एनसीपी, सीपीएम, आरजेडी, आईयूएमएल, नेशनल कॉन्फ्रेंस, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) और एमडीएमके.
.
Tags: AAP, BJP, Congress, NCP, Parliament
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 12:52 IST








