
हाइलाइट्स
यूपीएससी ने घोषित किया 2022 परीक्षा परिणाम
बूंदी के दो छात्रों ने देशभर में किया नाम रोशन
नैनवां के अंकित जैन 173वीं और केशवरायपाटन के रामशंकर मीणा 798वीं रैंक लाए
बूंदी. यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा 2022-23 का परिणाम जारी कर दिया गया है. परिक्षा में राजस्थान के बूंदी जिले के 2 छात्रों ने पास होकर जिले में इतिहास रच दिया है. जिले के नैनवां उपखंड के रहने वाले अंकित जैन ने 173वीं रैंक हासिल की है. वहीं, केशवरायपाटन उपखंड के रामशंकर मीणा ने 798वीं रैंक लाकर जिले का मान बढ़ाया है.
प्रदेश के बूंदी जिले के नैनवां उपखंड के छोटे से गांव जरखोदा के रहने वाले अंकित जैन ने यूपीएससी-सिविल सर्विसेज परीक्षा में 173वीं रैंक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. अंकित जैन ने यह सफलता दूसरे प्रयास में हासिल की है. इससे पहले वह इंटरव्यू दे चुके थे, लेकिन अंतिम रूप से उनका चयन नहीं हो सका था. अंकित जै़न ने जयपुर में रहकर एमबीए किया और उसके बाद दिल्ली जाकर यूपीएससी-सिविल सर्विसेज की तैयारी की. बूंदी जिले के ही केशवरायपाटन उपखंड के गांव खेड़ली मेहता पंचायत जलोदा निवासी रामशंकर मीणा ने 798वीं रैंक प्राप्त की है. वह पहले के 5 प्रयास में असफल रहे थे, लेकिन हिम्मत नहीं हारी थी. अब 6वें प्रयास में सफलता ने उनके कदम चूमे हैं.
गांव में लगाते नमकीन-कचौरी की दुकान
यूपीएससी-सिविल सर्विसेज रीक्षा में 173वीं रैंक लाने वाले अंकित जैन के पिता धर्मचंद जैन गांव में ही कचौरी और नमकीन की दुकान लगाते हैं. अंकित की माता चंदा जैन गृहणी हैं. अंकित जैन के दो भाई और दो बहनें हैं. फिलहाल एक बहन की 5 जून को शादी होने वाली है, जिसे लेकर परिवार के सभी लोग शादी की तैयारियों में जुटे हुए हैं. शादी की खुशियों के बीच अंकित जैन के परिणाम ने उल्लास के पल को और दोगुना कर दिया है.
अंग्रेजी पढ़ाते हैं रामशंकर के पिता
यूपीएससी-सिविल सेवा परीक्षा में 798वीं रैंक लाकर जिले का मान बढ़ाने वाले रामशंकर के पिता दुर्गालाल मीणा ग्राम जेथल में अंग्रेजी विषय के व्याख्याता हैं. साथ ही सर्प पकड़ने का कार्य भी करने से क्षेत्र में उन्हें कोबरामैन के नाम से जाना जाता है. उनकी माता गृहणी हैं. एक भाई जहाजपुर में टीचर है और बहन बीएड कर रही हैं. ऐसे में रामशंकर के यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा में चयन होने से परिवार में खुशी का माहौल है. रामशंकर को उसके माता-पिता सहित अन्य परिवार के सदस्यों ने फूल माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया और खुशी का इजहार भी किया.
.
Tags: Bundi, Rajasthan news, UPSC, Upsc topper 2022
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 11:18 IST








