
गुलशन सिंह/बक्सर. जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र के सहियार गांव में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर चिलचिलाती धूप में गांव की परिक्रमा कj गंगा घाट पहुंचे. इस दौरान हर हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया. गांव के मां काली मंदिर के समीप यज्ञाधीश श्री श्री 1008 श्री आचार्य संत राम लखन संत दास जी के कृपापात्र शिष्य कन्हैया दास जी महाराज के नेतृत्व में सात दिवसीय शतचण्डी महायज्ञ हो रहा है.
सोमवार को यज्ञाचार्य के निर्देशन में भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए है. वमौसम की तल्खी को देखते हुए महायज्ञ आयोजन समिति ने शोभायात्रा के लिए सुबह सात बजे का समय निर्धारित किया था. हालांकि,अत्यधिक भीड़ इकट्ठा होने और कलश का संकल्प व पूजा के चलते दो घंटे विलंब से शोभायात्रा निकाली गई.
महायज्ञ के निमित जल अधिग्रहित करने के लिए मां काली मंदिर परिसर के समीप स्थापित यज्ञ मंडप से श्रद्धालुओं का कारवां गाजे-बाजे के साथ नियाजीपुर, नई बस्ती, बड़का राजपुर, छोटका राजपुर, बैरागी टोला मानिकपुर, केशोपुर होते हुए गंगा घाट तक पहुंचा. जहां से पवित्र गंगाजल कलश में भर कर पुनः श्रद्धालुओं का जत्था यज्ञ मंडप पहुंचा. इस संबंध में जानकारी देते हुए महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्य मनोज उपाध्याय ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाला शतचंडी महायज्ञ शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ है. 24 को मंडप प्रवेश एवं वेदी पूजन होगा.
30 मई को भव्य भंडारे का आयोजन
महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्य मनोज उपाध्याय ने बताया कि 25 को अरणी मंथन एवं अग्नि प्रकाट्य तथा 30 मई को पूर्णाहुति होगा. इस दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा. वहीं सात दिनों तक महायज्ञ में नित्य प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा भी होगी. आयोजन समिति सदस्यों की मानें तो महायज्ञ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यहां तक कि सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है. वहीं, गांव में हो रहे इस महायज्ञ को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है. यही कारण है कि प्रतिदिन यज्ञ स्थल पर गांव के युवा अपनी सेवा दे रहे हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 10:54 IST








