
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, वाराणसी में 25 मई से तेज हवाओं के साथ गरज चमक के बीच बारिश हो सकती है. 25 मई से से लेकर यह दौर 27 मई तक चल सकता है. अनुमान है कि 25 से 27 मई के बीच तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी हो सकती है. इस बीच आसमान से बरसती आग से भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
आईएमडी (IMD) की वेबसाइट के मुताबिक, 24 मई (बुधवार) को वाराणसी में तापमान लुढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक आ जायेगा. इसके अलावा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है. इसके अलावा आसमान में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिलेगी.
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, 25, 26 और 27 मई को गरज चमक के साथ बारिश के छींटे पड़ सकते हैं. वहीं, 28 और 29 मई को तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है. कुल मिलाकर इस हफ्ते प्रचंड गर्मी का कहर झेल रहे लोगों को राहत की उम्मीद दिखाई दे रही हैं.
तापमान में आएगी कमी
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (Banaras Hindi University) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते वाराणसी में मौसम ने करवट ली है. इस वजह से अगले दो दिन रुक रुक कर बारिश होने की आशंका जताई जा रही है. पश्चिम की तरफ से आने वाले बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. उम्मीद है कि वाराणसी में इस बीच ओले भी गिर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 10:12 IST








