
पटना. पटना में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है. खबर दानापुर के चित्रकूट नगर से है जहां हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यक्ति की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वह चित्रकूट नगर के रोड नम्बर 9 के पास तालाब पर बैठा हुआ था. इसी दौरान अपराधी आए और ताबड़तोड़ अनिल राय पर गोलियां बरसाने लगे. इस दौरान उसके साथ में मौजूद संजीत राय को भी गोली लगी लेकिन वह तालाब में कूद गया और बमुश्किल अपनी जान बचायी, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल राय की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई.
अपराधी तीन की संख्या में थे. मृतक की पहचान चित्रकूट नगर के रहने वाले अनिल राय के रूप में हुई है जबकि सिर में गोली लगाने से घायल हुए शख्स का नाम संजीत बताया जाता है, जो कि गंभीर रूप से जख्मी है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है. घटना देर रात की बतायी जाती है. अपराधी पहले से घात लगाए थे और रास्ते से जा रहे अनिल राय जैसे हो तालाब पर बैठा वहीं पर तीन की संख्या में अपराधियों ने घेरकर गोलियां बरसानी शुरू कर दी.
हत्या की इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए. घटना की जानकारी के बाद एएसपी अभिनव धीमान पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आरोपियों की पहचान कर छापेमारी कर रही है. एएसपी अभिनव धीमान ने कहा कि तीन की संख्या में अपराधी थे और अनिल राय को गोलियों से भून दिया. अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई जबकि संजीत राय जो साथ में था उसे भी गोली लगा है. उसने तालाब में कूद कर अपनी जान बचाई है.








