
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़ . उत्तराखंड राज्य में जहां गढ़वाल मंडल में चारधाम यात्रा जारी है, तो वहीं कुमाऊं मंडल में इन दिनों आदि कैलाश के दर्शन करने के लिए शिवभक्त पहुंच रहे हैं. आदि कैलाश पिथौरागढ़ जिले से लगे चीन सीमा के करीब है. यहां जाने के लिए परमिट की आवश्यकता होती है और अब स्वास्थ्य परीक्षण भी यहां जाने के लिए जरूरी किया गया है, जिससे यहां पहुंचे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल जिला प्रशासन ने अब धारचूला में स्वास्थ्य परीक्षण को यात्रा के लिए जरूरी कर दिया है. पिछले साल तक यात्री अपनी-अपनी जगहों से ही मेडिकल सर्टिफिकेट अपने साथ लाते थे लेकिन अब ऑनलाइन परमिट प्राप्त करने का उन्हें कोई फायदा नहीं मिल रहा है. यात्रियों का धारचूला में स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. जिसके बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति है.यात्रियों की भीड़ के कारण धारचूला में मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.जिससे यात्रियों और यहां इलाज को पहुंच रहे स्थानीय मरीजों दोनों को दिक्कतें हो रही है.
सूचना पोर्टल पर जानकारी का अभाव
महाराष्ट्र से पहुंचे श्रद्धालु विनोद कुमार का कहना है कि ऑनलाइन परमिट के लिए उन्होंने सभी दस्तावेज अपलोड किए लेकिन जब वह धारचूला आये, तो उन्हें दोबारा से मेडिकल सर्टिफिकेट बनाना पड़ा. जिसमें उनका काफी वक्त बर्बाद हुआ. उन्होंने प्रशासन से आदि कैलाश यात्रियों की सुविधा के लिए एक बेहतर सिस्टम तैयार करने की मांग की है. वहीं पुणे से आये पर्यटक संतोष का कहना है कि ऑनलाइन परमिट प्राप्त करने की वेबसाइट में अधिकारियों के नम्बर गलत हैं. अगर मेडिकल जांच सम्बंधित कोई सूचना पोर्टल पर डाली गई होती तो उन्हें धारचूला में परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ती.
यात्रियों की सुविधा के लिए होगा हरसंभव प्रयास
वहीं इस बारे में पिथौरागढ़ की जिलाधिकारी रीना जोशी ने कहा कि आदि कैलाश यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है.गौरतलब है कि इस बार भी कैलाश मानसरोवर यात्रा की तर्ज पर आदि कैलाश यात्रा की जा रही है. अब तक हजारों श्रद्धालु इस यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 14:27 IST








