
हाइलाइट्स
भरतपुर के रुदावल की है घटना
ग्रामीणों की जाग हुई चोर वहां से भागे
तीन चोर भागने में भी कामयाब हो गए
दीपक पुरी.
भरतपुर. पूर्वी राजस्थान के भरतपुर (Bharatpur) जिले के रुदावल थाना इलाके के कंजौली गांव में ग्रामीणों ने एक चोर का पीट-पीटकर मार डाला. ग्रामीणों ने चोर को मौके पर ही पकड़कर इतना पीटा कि उसका वहीं पर दम निकल गया. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को सूचित कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार के अनुसार वारदात सोमवार रात को हुई. रुदावल थाना इलाके के कंजौली गांव में आधी रात करीब 3 बजे चार चोर पहुंचे. वे वहां एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे. लेकिन इसी दौरान किसी ग्रामीण की जाग हो गई तो उसने शोर मचा दिया. इससे वहां और ग्रामीण भी एकत्रित हो गए. ग्रामीणों की आवाज सुनकर चोर भागने लगे तो ग्रामीणों ने उनका पीछा किया.
आपके शहर से (भरतपुर)
तीन चोर भागने में कामयाब हो गए
इस भागदौड़ में 3 चोर भागने में कामयाब हो गए लेकिन एक ग्रामीणों के धक्के चढ़ गया. ग्रामीणों ने उसे जमकर पीटा. पिटाई से चोर की मौके पर ही मौत हो गई. इस बीच किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चोर को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
मृतक चोर की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है
बाद में पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम के साथ वहां साक्ष्य एकत्रित किए. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि मृतक चोर कहां का रहने वाला था. अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस ने उसके शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
.
Tags: Bharatpur News, Crime News, Mob lynching, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 12:27 IST








