
रामकुमार नायक/धमतरी. कुछ दिन पहले 14 मई को देशभर में धूमधाम से मदर्स डे मनाया गया और बेटे-बेटियों ने अपनी मां को तोहफे देकर उनका सम्मान किया. लेकिन, धमतरी जिले में एक ऐसी कलयुगी मां देखने को मिली है, जिसने अपने कलेजे के टुकड़े को ही मौत की नींद सुला दिया.
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाली आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. बेटे की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसके उपचार में हो रहे खर्च और बहू के साथ आए दिन झगड़े से महिला परेशान थी. उसने बहू के मायके जाने के बाद अपने बेटे को मौत के घाट उतार दिया.
महिला पर ऐसे हुआ पुलिस को शक
धमतरी पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने बताया कि यह मामला ग्राम पंचायत गंगरेल के बाजार पारा का है. 15 मई को बाजार पारा गंगरेल में 40 वर्षीय गणेश पटेल की किसी ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने मृतक की माता फुलेश्वरी पटेल की सूचना पर घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस ने मृतक के घर के आसपास के लोगों से पूछताछ की. तब पता चला कि मृतक की पत्नी एवं उनकी सास के साथ आए दिन घर में लड़ाई-झगड़ा होता है. इसके बाद पुलिस ने मृतक की मां से पूछताछ की, जिसमें शक की सुई उसके ऊपर ही घूमने लगी.
पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा
कड़ाई से पूछताछ के दौरान मृतक की मां ने बताया कि मानसिक स्थिति खराब होने के कारण अपने बेटे के इलाज एवं बहू से लड़ाई-झगड़े से तंग आ चुकी थी. एक सप्ताह पूर्व उसके बेटे गणेश ने बोला कि उसके पास घर नहीं है, पैसा भी नहीं है. वह अपनी पत्नी के साथ पुराने घर में आकर रहना चाह रहा. वह बहू को साथ में नहीं रखना चाहती थी, जिसके कारण बेटे के साथ वाद-विवाद हुआ था. बेटे की मानसिक स्थिति बचपन से ठीक नहीं थी, जिसका इलाज मनोरोग चिकित्सालय माना तुता से चल रहा था.
मां ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
बेटे का मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आए दिन उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करता था. उसके इलाज के दवाई का खर्च भी मां होने के कारण उसे ही उठाना पड़ता था. 14 मई को मृतक गणेश की पत्नी शादी में अपने मायके बरदेभांठा कांकेर चली गई. बेटे को अकेला पाकर आरोपी मां ने 15 मई को तड़के तीन बजे पुत्र गणेश पटेल की किचन में रखे हंसिया से उसके पेट में वार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपित फुलेश्वरी साहू को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर लिया है.
.
Tags: Chhattisgarh news, Crime News, Dhamtari, Murder case
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 18:56 IST








