
सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या: मौसम ने अपना मिजाज दिखाना शुरू कर दिया है. मई के महीने में आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं. तेज धूप और गर्म हवा लोगों को जलने पर मजबूर कर रही है. हालांकि धर्म नगरी अयोध्या में अभी पारा सामान्य स्थिति में चल रहा है. मौसम विज्ञान के मुताबिक, मई माह के अंत और जून सप्ताह के प्रारंभ में पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की उम्मीद है.
धर्म नगरी अयोध्या में तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है. गर्मी की वजह से बाजारों में एक तरफ जहां सन्नाटा देखने को मिल रहा है, तो दूसरी तरफ राहगीर भी इस गर्मी से बेहाल हैं. लोग अपने घरों में एसी, कूलर और पंखा चला कर गर्मी से निजात पा रहे हैं. हालांकि सड़कों पर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं की वजह से हाल बेहाल है.
अभी तापमान नियंत्रण में है
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्रा के मुताबिक, अभी तापमान नियंत्रण में है, लेकिन लगातार पश्चिमी हवाओं के बढ़ने की वजह से तापमान बढ़ने की संभावना है. मई माह के अंत और जून माह के पहले सप्ताह में पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है. हालांकि रविवार को अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. साथ ही मिश्रा ने बताया कि 23 मई से लेकर 26 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और बारिश का अनुमान है.








