नगर परिषद अध्यक्ष की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचीं चेयरमैन और बेटा-बहू

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


 

पूर्णिया. बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है. जिले के बनमनखी नगर परिषद अध्यक्ष संजना देवी पर जानलेवा हमला हुआ है. जिस समय ये घटना हुई उस समय उनकी गाड़ी पर बहू और बेटा भी थे. अपराधियों ने संजना की गाड़ी पर दो राउंड फायरिंग की. इस दौरान जहां नगर परिषद अध्यक्ष और उनके परिजन बाल-बाल बच गए वहीं उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी में गोलियां लगी हैं. घटना की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की, फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

घटना के बाबत अध्यक्ष संजना देवी के पति नरेश यादव ने कहा कि संजना देवी पूर्णिया से अपने बहू और बेटे के साथ डॉक्टर से इलाज करवा कर लौट रही थीं. इसी दौरान बनमनखी टीवीएस शोरूम के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दिया. अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की लेकिन वो लोग बाल-बाल बच गए. संजना देवी के पुत्र बृजेश यादव ने बताया कि अपराधी फायरिंग कर भागने लगे तभी स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने तेजी से स्कॉर्पियो को भगाया और भगाते हुए अपराधियों की बाइक को टक्कर मार दी.

इस टक्कर के कारण वो लोग नीचे गिर गये. इस दौरान दो अपराधी तो भाग गये लेकिन एक अपराधी ऋषि कुमार को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की. फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया. बनमनखी के एसडीपीओ हुलास कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से एक अपराधी को पकड़ लिया गया है, जबकि दो अपराधी भागने में सफल रहे. पकड़े गए अपराधी के पास से देसी कट्टा और मोबाइल भी बरामद हुआ है. घटना का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. लेकिन पुलिस जांच में जुटी हुई है. दूसरी तरफ पब्लिक की पिटाई के वजह से गिरफ्तार अपराधी की हालत खराब है. उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें