झुलसाती गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, इन राज्यों में अगले 5 दिन झमाझम बारिश की उम्मीद, जानें IMD का पूर्वानुमान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संस्तुति नाथ
नई दिल्ली. देशभर में लोगों को जल्द ही झुलसाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. दरअसल मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भारत के अधिकांश हिस्सों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने से अगले तीन दिनों के दौरान बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं.

हालांकि आईएमडी के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार तक, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कल यानी रविवार तक और छत्तीसगढ़ तथा झारखंड में मंगलवार तक लू की स्थिति रहने की संभावना है.

वहीं अगले पांच दिनों के दौरान नम हवा और उच्च तापमान के कारण कोंकण क्षेत्र में और केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी गर्म मौसम रहने की संभावना है.

अगले 5 दिनों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान

पूर्वोत्तर भारत- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद है. इस दौरान बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.

20 से 24 मई तक असम और मेघालय तथा 24 मई को त्रिपुरा और मिजोरम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है.

पूर्वी भारत – अगले 5 दिनों के दौरान इस इलाके के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

20, 23 और 24 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.

उत्तर पश्चिम भारत- 22 और 23 मई को उत्तर प्रदेश और राजस्थान तथा 23 मई को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.

22 मई से 24 मई तक राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है.

एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में मुख्य रूप से 23 से 25 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों से बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और उसके बाद तापमान कम होने की संभावना है.

मध्य भारत- अगले 5 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ में गरज, चमक और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश, वहीं 22 और 23 मई को विदर्भ में बारिश होने की संभावना है.

दक्षिण भारत- अगले पांच दिनों के दौरान क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

Tags: IMD alert, Rain alert, Weather

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें