
पटना. पटना पुलिस ने सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के बाहरी धवलपुरा स्थित नाले से बीते 15 मई को अज्ञात महिला की शव बरामदगी मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है. गया जिले के सिकरिया बेलदार बीघा निवासी बबीता देवी की हत्या उनके रिश्तेदारों द्वारा ही पैसा हड़पने को लेकर की गई थी. हत्याकांड को अंजाम बबीता देवी की बहन के दामाद गुड्डू कुमार और उसके साले सूरज कुमार उर्फ फंटूश द्वारा दिया गया था. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक ऑटो और मृतका का 2 लाख 63 हजार रुपए भी बरामद कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल लिया है. पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस ने बताया कि बीते 15 मई को नाले से अज्ञात महिला का शव बरामद होने से मामला पूरी तरह ब्लाइंड केस था. उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस ब्लाइंड केस को चुनौती के रूप में लेते हुए पूरे मामले की तकनीकी अनुसंधान कर हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया. सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका बबीता देवी ने हाल ही में संपतचक स्थित अपनी जमीन बेची थी, जिससे उन्होंने दूसरी जगह जमीन खरीदी थी, साथ ही उनके पास बचे हुए रकम थे. इसकी जानकारी उसकी बहन के दामाद गुड्डू कुमार को थी.
एएसपी ने बताया कि बाईपास के कर्मलीचक निवासी गुड्डू कुमार और उसके साले सूरज कुमार उर्फ फंटूश ने बीते 14 मई को धोखे से बबीता देवी को अपने घर बुलाया और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. घटना के देर रात दोनों ने बबीता देवी के शव को एक ऑटो पर लादकर बाहरी धवलपुरा स्थित नाले में फेंक दिया और बबीता देवी के कर्मलीचक स्थित किराए के घर में जाकर उनकी बेची हुई जमीन की रकम चोरी कर ली. एएसपी का कहना था कि घटना को अंजाम पैसे की लालच में बबीता देवी के रिश्तेदार गुड्डू कुमार और उसके साले सूरज कुमार उर्फ फंटूश द्वारा ही दिया गया. गौरतलब है कि बीते 15 मई को बाईपास थाना क्षेत्र के बाहरी धवलपुरा स्थित नाले से महिला का शव बरामद होने से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई थी.








