उत्तराखंड के गरीब एससी/एसटी उम्मीदवारों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग, नौकरी में सहायता प्रदान करना है उद्देश्य

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिना आज़मी/देहरादून. उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग के पहल पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के युवाओं के लिए राजधानी देहरादून में निशुल्क कोचिंग दी जाएगी, जिससे सरकारी नौकरी की तैयारी हो सकती है. देहरादून के जिला समाज कल्याण अधिकारी गोरधन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं समय-समय पर लाता रहता है. इसी कड़ी में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आदि भी प्रदान की जाती है ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा- दीक्षा मिल सके.

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्र, जो इंटरमीडिएट पास कर चुके हैं उनके लिए हर साल निशुल्क कोचिंग देने का प्रावधान है. इस वर्ग के जो छात्र सरकारी नौकरी जैसे समूह ‘ग’, वनडे एग्जाम और आईएएस- पीसीएस की तैयारी करना चाहते हैं उनके लिए विभाग की तरफ से निशुल्क कोचिंग दी जाती है.

हर साल दी जाती है निशुल्क कोचिंग
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि हर साल अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के मेधावी छात्रों को सरकारी नौकरी की तैयारी करने में विभाग की तरफ से मदद की जाती है और कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कर नौकरी पर भी लग चुके हैं. उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी इस प्रोग्राम की तैयारी की जा रही है. प्रक्रिया शासन स्तर पर गतिमान है और जल्द ही इसका शेड्यूल जारी किया जाएगा, जिसमें बच्चे प्रतिभाग कर सकेंगे.

मेरिट के आधार पर होता है चयन
उन्होंने जानकारी दी है कि मेरिट बेस पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के मेधावी छात्रों का चयन शासन स्तर पर किया जाता है और इसके बाद हर जिले के कोचिंग सेंटर का चयन कर आगे की रणनीति बनाते हुए बच्चों को कोचिंग दी जाती है.

क्या है आवेदन की प्रक्रिया
जिला समाज कल्याण अधिकारी गोरधन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि नया सत्र शुरू होने वाला है और इसके लिए अब शासन स्तर पर तैयारी भी की जा रही है. जैसे ही शासन से दिशा निर्देश दिए जाएंगे, वैसे ही कोचिंग सेंटर के चयन के बाद बच्चे इसके लिए आवेदन कर सकेंगे. उम्मीद है कि जल्द ही यह प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी. उन्होंने कहा कि इन वर्ग के छात्र उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. जैसे ही इसकी घोषणा होती है तो https://socialwelfare.uk.gov.in/ पर जाकर आवेदन किया जा सकता है. इस निशुल्क कोचिंग का लाभ लेने के लिए मेधावी छात्रों के 12वीं कक्षा में अच्छे नंबरों के साथ-साथ अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र और मूल निवास या स्थाई निवास प्रमाण पत्र जरूरी है.

.

Tags: Dehradun news, Uttarakhand news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें