
नीरज कुमार/बेगूसराय: धार्मिक ग्रंथों और हिन्दू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दशमीं तिथि को मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण माना जाता है. इसी दिन गंगा दिवस मनाया जाता है. कहा जाता है कि दशमीं को भगवान शिव की जटा से मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था, इसलिए इस दिन गंगा प्रेमी और मां गंगा के भक्त गंगा दशहरा मनाते हैं. वर्ष 2023 में गंगा दशहरा 30 मई (ज्येष्ठ मास) को मंगलवार के दिन सिद्ध योग में मनाया जाएगा. बिहार के बेगूसराय जिले के छोटी काली मंदिर के पुजारी अरुण ठाकुर महाराज के अनुसार तीर्थ पुरोहित, गंगा भक्त, गंगा प्रेमी और सनातन धर्म से जुड़े लोग पिछले कई साल से गंगा दशहरा को गंगा अवतरण दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं.
गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान से अध्यात्म की होती है प्राप्ति
मान्यता है कि इस दिन गंगा माता के निमित्त पूजा-पाठ, दान, स्नान आदि करने का विशेष महत्व होता है. इस दिन गंगा में स्नान करने से कई जन्मों के पाप दूर होने की धार्मिक मान्यता है. बेगूसराय जिले के छोटी काली मंदिर के पुजारी अरुण ठाकुर महाराज के मुताबिक गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान करने से अध्यात्म की प्राप्ति होती है. भक्तों की मनोकामना भी इस दिन पूर्ण होती है. भक्त डेजी देवी ने बताया वरदान मांगने के लिए गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान करते हैं. हर वर्ष गंगा दहशरा पर स्नान कर मां मंगा की पूजा-अर्चना करते हैं.
बेगूसराय के सिमरिया घाट पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
बेगूसराय जिला का 3 भाग गंगा नदी से घिरा हुआ है. ऐसे में बेगूसराय जिले के भक्त गंगा स्नान करने के लिए सबसे पहले सिमरिया गंगा घाट का चयन करते हैं. यहां पहुंचना बहुत ही आसान है और जिले के हर कोने से यहां के लिए गाड़ी और ट्रेन की भी सुविधा उपलब्ध है. वहीं मटिहानी गंगा चाकघाट, बछवारा झमटिया घाट, रामदिरी घाट, सिहमा घाट पर भी गंगा दशहरा के दिन भक्तों की भीड़ लगती है. यहां पर पहुंचने के लिए लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है. वहीं बेगूसराय जिले में गंगा स्नान के लिए सबसे सुरक्षित सिमरिया घाट माना जाता है. यहां पर भक्तों की सुरक्षा के लिए गंगा दशहरा के दिन जिला प्रशासन के द्वारा पुलिस की तैनाती की जाती है.
.
Tags: Begusarai news, Bihar News, Bihar News in hindi, Festival
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 13:38 IST








