
नकुल कुमार/मोतिहारी. बागेश्वर धाम उर्फ पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Bageshwar Dham) बिहार क्या आए, पूरा बिहार उनको देखने के लिए उमड़ पड़ा. उत्साह ऐसा कि आयोजन स्थल पटना (Patna) का नौबतपुर छोटा पड़ गया. इस दौरान, पटना के पनाश होटल में मध्य रात्रि के आस-पास बाबा का दिव्य दरबार लगा, जिसमें राज्य के तमाम जिलों से आए हुए वीवीआईपी शामिल हुए. इनमें से एक पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी (Motihari) की रहने वाली स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हेना चंद्रा भी थी. वो बड़ी श्रद्धा से अपने मन में जिज्ञासा लिए पटना आईं थी कि तमाम लोगों की भीड़ में बाबा धीरेंद्र शास्त्री उन्हें अवश्य बुलाएंगे, लेकिन वो लाखों लोगों की भीड़ में नहीं जा सकी.
हेना कहती हैं कि मन मायूस जरूर था, लेकिन उम्मीद की एक किरण ऐसी थी कि उन्होंने उस रात पटना में ही रूकने का निर्णय किया. इसी बीच, उन्हें एक फोन कॉल आया कि बागेश्वर धाम पटना के पनाश होटल में रात के दो बजे दिव्य दरबार लगा रहे हैं. संजोग ऐसा था कि जिस होटल में यह दिव्य दरबार लग रहा था, वो डॉक्टर हेमा चंद्रा के होटल से चंद कदमों की दूरी पर था.
बागेश्वर बाबा के दर्शन एवं दिव्य अनुभूति को लेकर हेना कहती हैं कि आप जिस तरह से चीजों को देखते हैं, वैसा ही वो आपको दिखता है. कुछ तो है, जिससे इतना बड़ा जनसैलाब वहां मौजूद था. कहीं ना कहीं यह आस्था का विषय है. जहां आस्था है, वहां दिव्य शक्तियां हैं. हम सनातनी हैं, इसलिए हमें पूरा भरोसा है.
‘बाबा से मिलने जाऊंगी बागेश्वर धाम’
केवल वीवीआईपी लोगों की अर्जी लगाने के प्रश्न पर डॉ. हेना चंद्रा कहती हैं कि होटल में भले ही डेढ़ सौ से 200 लोगों की सामूहिक अर्जी लगी, लेकिन होटल के बाहर 50 हजार लोग मौजूद थे. बागेश्वर धाम सरकार को जब मालूम चला कि इतने लोग बाहर इंतजार कर रहे हैं तो वो बाहर आए और इस तरह से सब कोई उनसे मिल सका. वो कहती हैं कि बाबा बागेश्वर बजरंगबली के भेजे हुए दूत हैं.
उन्होंने कहा कि संकट मोचन हनुमान जी की प्रति मेरी शुरू से आस्था रही है. जब मुझे मालूम हुआ कि बागेश्वर धाम सरकार बिहार की धरती पर पटना आ रहे हैं तो मेरा मन हुआ कि मैं भी उनके दर्शन करने जाऊं. ईश्वर की कृपा रही कि मैं व्यक्तिगत रूप से उनसे मिल सकी. उनका आशीर्वाद भी मिला. उन्होंने मुझे भभूत दिया. मैंने उन्हें राम मंदिर का प्रतिरूप भेंट की. हेना कहती हैं कि बाबा ने मुझे बागेश्वर धाम सरकर आने के लिए कहा. मैं एक बार जरूर वहां जाने का प्रयास करूंगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 09:54 IST









