
अमित सिंह/प्रयागराज. गर्मी के तेवर इन दिनों सातवें आसमान पर है. तेजी से बढ़ रहे तापमान के कारण जनमानस की सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही है. ऐसे में अब मौसम विभाग की ओर से लू चलने की भी चेतावनी दी गई है. इसके मद्देनजर हमें गर्मी और लू से बचाव करना होगा. यानी जरूरी कामों को कड़ी धूप होने से पहले ही निपटा लिया जाए. जितना कम से कम जरूरी हो धूप में अपने कार्य को किया जाए.
मौसम विभाग की मानें तो 20 और 21 मई को लू चलने का अनुमान है. इसकी वजह से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा. न्यूनतम की बात करें तो 5 डिग्री गिरावट के साथ यह 22.6 पर जा गिरा जो सामान्य से 4 डिग्री कम था. इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रोफेसर एआर सिद्दीकी ने बताया कि शनिवार को लू चलने की प्रबल संभावना है. इसकी वजह से भीषण गर्मी होना लाजमी है.
सप्ताह भर में हो सकती है बूंदाबांदी
लगातार तापमान वृद्धि के मद्देनजर मौसम में बदलाव की संभावना भी बनी है . मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक बूंदाबांदी भी हो सकती है ऐसा होने से अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री में गिरावट देखी जा सकती है . बारिश या फिर बूंदाबांदी होने से आम जनमानस को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी.









