
अमित सिंह/प्रयागराज. दो हजार की नोट को बैंक अब वापस लेगी.अर्थात बाजार में नए नोट नहीं आएंगे. पुराने नोट अमान्य तो नहीं होंगे लेकिन उनका सर्कुलेशन बंद होगा. आग की तरह फैल रही इस सूचना ने एक बार फिर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. प्रयागराज के लोगों को फिर से नोटबंदी के दिन याद आने लगे है.
डॉक्टर प्रीति सिंह परिहार ने कहा कि भले ही 2000 के नोट वापस लिए जाएंगे लेकिन परेशानी तो एक बार फिर से पैदा हो ही गई है. फिर से लोगों को बैंक जाने की हड़बड़ी और अपने पैसा सुरक्षित करने की होड़ मचेगी.
व्यापार पर पड़ेगा प्रतिकूल असर
चौक में थोक कपङे का व्यापार करने वाले व्यवसायी सुनील कुमार बताते हैं कि अचानक से लिए गए निर्णय आम जनमानस पर असर तो डालते ही हैं. व्यवसायी वर्ग पर तात्कालिक प्रभाव पड़ता है. भले ही नोट बैंक में वापस जमा हो जाए, लेकिन नोट बंद की सूचना के बाद लोग ही लेनदेन में उपयोग नहीं करेंगे. कुछ दिनों तक वातावरण बेहद प्रतिकूल रहेगा.
खराब समय पर हुई घोषणा
इलेक्ट्रॉनिक के थोक व्यापारी विपिन कुमार ने बताया कि 2000 रूपए के नोटबंदी का घोषणा का समय बेहद खराब है. कल शनिवार और फिर रविवार है. ऐसे में निश्चित ही लेनदेन की प्रक्रिया बाधित रहेगी. इसका प्रभाव हमारे व्यापार पर जरूर पड़ेगा. सरकार को ऐसे निर्णय लेने से पहले आम जनमानस और व्यापारी वर्ग का हित जरूर सोचना चाहिए.








