
पीयूष शर्मा/मुरादाबाद. यूपी के मुरादाबाद में प्रेमी प्रेमिका का एक मामला सामने आया है. दरअसल प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंचा था, लेकिन डर की वजह से दो मंजिला मकान से कूद गया. वहीं, दो मंजिला मकान से कूदने से युवक घायल हो गया. इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा नगर की एक कॉलोनी की युवती से काफी समय से कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवक चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने गुरुवार को उसके दो मंजिला मकान पर पहुंच था, तभी प्रेमिका के भाई ने दोनों को देख लिया. इसके बाद प्रेमिका के भाई ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो युवक बचने के लिए मकान की दूसरी मंजिल से कूदकर भाग गया. बाद में युवक के परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे. पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया कि युवक को युवती के परिजनों ने मकान से धक्का देकर गिराया है.
युवक को कराया गया था सरकारी अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने घायल युवक का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया. अस्पताल में जांच के बाद उसकी एक टांग में फ्रैक्चर पाया गया है. उसे इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. उधर पुलिस के बुलाने पर युवती और उसके परिजन भी कोतवाली आ गए. पूछताछ करने पर युवती ने बताया कि वह युवक से प्यार करती है. उससे शादी करना चाहती है. इस पर पुलिस ने युवती की मर्जी के अनुसार, उसे उसकी बहन के साथ भेज दिया. जबकि युवक के परिजन उसे इलाज के लिए अपने साथ ले गए. वहीं, दोनों पक्षों में तय हुआ है कि युवक के ठीक होने पर दोनों की शादी के बारे में विचार किया जाएगा.
.
Tags: Love affair, Love Story, Moradabad News, Moradabad Police
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 13:44 IST








