
इस्लामाबाद. पाकिस्तान पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (PAC) की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इसके अनुसार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तुलना में देश के चीफ जस्टिस को सात गुना अधिक सैलरी मिलती है. पाकिस्तान के पीएम को मात्र 2 लाख 1 हजार 574 हुए मासिक सैलरी मिलती है तो दूसरी ओर राष्ट्रपति का वेतन 8 लाख 96 हजार 550 रुपए है. इन दोनों से कहीं अधिक सैलरी के रूप में 15 लाख 27 हजार 399 रुपए चीफ जस्टिस को मिलते हैं. पीएसी के अध्यक्ष नूर खान ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में जजों को 14 लाख 70 हजार 711 रुपये मिलते हैं.
पीएसी के अध्यक्ष नूर खान की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के फेडरल मिनिस्टर को 3 लाख 38 हजार 125 रुपये वेतन मिलता है. यह वेतन प्रधानमंत्री को मिलने वाले वेतन से ज्यादा है. पाकिस्तान के नेशनल असेंबली सदस्य को हर महीने 1 लाख 88 हजार रुपये सैलरी मिलती है. इसके अलावा पाकिस्तान में ग्रेड-22 अधिकारी का वेतन 5 लाख 91 हजार 475 रुपये महीने है. पाकिस्तान में राष्ट्रपति आरिफ अल्वी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और चीफ जस्टिस के पद पर फिलहाल उमर अता बंदियाल काबिज है.
पीएसी को नहीं मिली ऑडिट रिपोर्ट, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार को किया तलब
पाकिस्तान के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश और अन्य सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को भत्तों और विशेषाधिकारों के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर पब्लिक अकाउंट्स कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार को चेतावनी दी है. कमेटी ने उनसे बीते 10 साल से अधिक के खर्च के ऑडिट की जानकारी पेश करने को कहा है.
.
Tags: Shahbaz Sharif, पाकिस्तान
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 05:30 IST









