
कृष्ण बाली/अंबाला: केंद्र की सरकार ने सरकारी चिकित्सकों को चेतावनी दी है कि मरीजों के लिए जेनेरिक दवा ही लिखें, अन्यथा कार्रवाई होगी. इसको लेकर हरियाणा में भी काफी सतर्कता बरती जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी इस मामले में कहा कि प्रदेश में जेनेरिक दवा ही इस्तेमाल होती है और वे ब्रांडेड दवा खरीदने की अनुमति देते ही नहीं.
अंबाला के सिविल सर्जन डॉक्टर कुलदीप ने बताया कि इस तरह की गाइडलाइन केंद्र से पहले भी आई थी और अब भी है. उन्होंने कहा ब्रांडेड दवा लिखने वाले सरकारी डॉक्टर पर कार्रवाई भी हो सकती है. केंद्र सरकार ने अपने सरकारी अस्पतालों एवं केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना के तहत आने वाले आरोग्य केंद्रों के चिकित्सकों को चेतावनी दी है कि वे मरीजों के लिए जेनेरिक दवा को लिखने के नियम का पालन करें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
हर जिले में खुलेंगे जन औषधि केंद्र
सिविल सर्जन ने कहा कि डॉक्टर तक हो सके जेनेरिक दवा ही लिखें और वह भी कैपिटल लेटर में, ताकि उनका नाम साफ-साफ पढ़ा जा सके. कहा कि जेनेरिक दवा बाजार में काफी सस्ती हैं, जिससे मरीजों को काफी फायदा होगा. कहा कि जिन सरकारी डॉक्टरों ने इसका उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है. कहा कि हर जिले मे जन औषधि केंद्र बनने जा रहे हैं, इसके लिए एप्लीकेशन भी मांगी गई हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 23:55 IST








