
नील कमल/पलामू. जिले में पुलिस की वर्दी में सड़क पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इनके पास दो देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी और टॉर्च बरामद किया गया है.
पिपराटांड़ थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पिपराटांड़ थाना अंतर्गत अमानत नदी से लूट की घटना की योजना बना रहे अपराधी शमशाद अंसारी, अखिलेश भुइयां, मुख्तार अंसारी और नवीन उर्फ चितरंजन सिंह को गिरफ्तार किया है. वहीं दो अन्य मौके से भागने में सफल रहे. एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि ये सभी अपराधी काफी शातीर हैं. लगातार सड़क लूट कांड की घटना को अंजाम दे रहे थे. ये पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को चकमा देते थे और शिकार बनाते थे.
बदमाश पुलिस की वर्दी में खड़े रहते थे सड़क पर
गिरफ्तार बदमाश पुलिस की वर्दी में सड़क पर खड़े रहते थे. आने-जाने वालों को रोकते, उनके पास मौजूद सामानों को जांच के नाम पर अपने कब्जे में लेते और सामान के साथ फरार हो जाते थे. एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह की तलाश कर रही थी. गिरफ्तार शमशाद अंसारी हत्या का आरोपी है और अखिलेश भुइयां पहले भी जेल जा चुका है.








