
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. दरअसल उन्होंने सांसदों को भी मोटा अनाज खाने की सलाह दी है. इसके अलावा जी 20 की बैठक के दौरान मेहमानों का स्वागत भी मोटे अनाज से बने व्यंजनों से होगा. पीएम मोदी के इस अभियान का असर अब उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसीमें दिखने लगा है. वाराणसी में एक शख्स ने अपने बेटी की सगाई में लोगों का स्वागत मोटे अनाज से बने लड्डुओं से किया.
खास बात रही कि जब होटल वालों ने इसे तैयार करने से मना कर दिया तो उन्होंने इन व्यंजनों को अपने घर पर ही तैयार किया था. फिर मेहमानों के स्वागत में इसे परोस दिया. दरअसल बीते मंगलवार को प्राची दुबे नाम की लड़की की सगाई प्रयागराज के प्रवीण से हुई. इस दौरान मेहमानों का स्वागत ज्वार बाजड़े के लड्डुओं से हुआ. इसके अलावा खाने में भी कई तरह के व्यंजन परोसे गए. वाराणसी के सिंधौरा स्थित रिंग रोड के किनारे एक फैमिली रेस्टोरेंट में ये मांगलिक कार्यक्रम हुआ.
5 तरह के व्यंजन से हुआ स्वागत
लड़की के पिता ब्रज भूषण दुबे ने बताया कि उन्होंने इस कार्यक्रम में 5 प्रकार के मोटे अनाज को शामिल किया था. इसमें रागी और बाजरे की रोटी,सांवा का खीर, ज्वार और बाजरे का लड्डू और कोदो की रोटी मेहमानों को परोसी गई. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी साल 2023 को मोटे अनाज के लिए समर्पित किया है. उनसे प्रेरित होकर अपनी बेटी की सगाई में इन डिश से मेहमानों का स्वागत किया है.बता दें कि मोटे अनाज के सेवन के कई फायदे हैं. इससे कई तरह की बीमारियां भी दूर होती हैं, तो यह अनाज सस्ता भी होता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 10:45 IST









