
उधव कृष्ण/पटना. प्रदेश की राजधानी पटना में तरह-तरह की चीजें मौजूद हैं. इसकी पहचान सिर्फ एतिहासिक और धार्मिक स्थलों से ही नहीं है, बल्कि यहां पर कई ऐसी चीजें भी हैं, जिसकी वजह से बिहार की राजधानी पटना काफी प्रसिद्ध है. आज हम बात करने जा रहे हैं पटना के सबसे पुराने वाटर पार्क की. तो अगर आप पटना में हैं या फिर कभी आपका प्लान पटना आने का बन जाए, तो यहां के वाटर पार्क में आप मौज मस्ती करने पहुंच सकते हैं.
पटना जिले में बना यह वाटर पार्क इतना बड़ा और खूबसूरत है कि आप बाहरी दुनिया को पूरी तरह भूल जाएंगे. चाहे आपकी जितनी भी उम्र के हो. यहां पर पहुंचते ही हर उम्र का व्यक्ति बच्चों की तरह मस्ती करता दिखाई देता है. एक से एक बॉलीवुड की मशहूर गानों की धुन पर वाटर पार्क के अंदर लोग अपने परिजनों और इष्ट मित्रों के साथ जमकर थिरकते और झूमते हैं. इस नजारे को देख कर आप भी आनंदित हो उठेंगे और नाचने गाने और गुनगुनाने से खुद को रोक नहीं पाएंगे.
वेब पुल है मुख्य आकर्षण
यहां लगभग 800 वर्ग फुट का एक विशाल वेब पुल है, जहां बड़ी बड़ी कृत्रिम लहरें उठाई जाती हैं. वयस्कों और बच्चों के लिए इसे बहुत अच्छी तरह से डिजाइन किया गया है. कोई अनहोनी ना हो इसके लिए वेब पुल में वाटर लेवल का साइन बोर्ड लगाया गया है, साथ ही अनहोनी से बचाव के लिए पुल पर वाटर पार्क के लोग भी मौजूद रहते हैं. यहां पर पानी से संबंधित कई गतिविधियां आपके टूर में रोमांच का जायका लगाने को बेताब हैं. वाटर स्लाइड और कई मजेदार वाटर गेम्स से आपका मूड पूरी तरह रिफ्रेश हो जाएगा. यहां पर जाने के बाद आप अपनी सारी थकावट भूल जाएंगे. बता दें कि पार्क के अंदर ही कई रेस्तरां भी हैं, जहां लजीज पकवान भी मिलते हैं.
जानिए क्या है वाटर पार्क का रेट चार्ट
पार्क की मैनेजर किरण गुप्ता ने न्यूज 18 लोकल को बताया कि यहां शनिवार और रविवार को 500 रुपये, जबकि अन्य दिनों में टिकट का रेट 400 रुपये प्रति व्यक्ति है. बता दें कि 3 फीट से कम के बच्चों के टिकट का कोई चार्ज नहीं लिया जाता है. वाटर पार्क में मस्ती करने के लिए नायलॉन के कपड़े जरूरी हैं. अगर आपके पास कपड़े नहीं हैं, तो इसके लिए आपको अलग से कुछ रुपये देने पड़ते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 09:32 IST








