
सुनील जिंदल/गोहाना: गोहाना के गौतम नगर में गत 8 मई की रात को एक एलईडी बल्ब, इलेक्ट्रिक और डेकोरेशन का सामान बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ था. फैक्ट्री में आ लग गई. धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री का भवन ढह गया और आसपास के कई मकानों में दरारें आ गई थीं. वहीं लोगों की शिकायत पर अब पुलिस ने फैक्ट्री मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री मालिक की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे. इतना ही नहीं, गोहाना के विधायक जगबीर मलिक ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया था और फैक्ट्री में हुए धमाके की पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की थी. विधायक ने कहा कि इस पहलू पर भी जांच होनी चाहिए कि किन अधिकारियों ने रिहायशी क्षेत्र में फैक्ट्री लगाने और चलाने की अनुमति दी.
इस मामले में अब गोहाना सिटी थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक राजेश समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाके की हर पहलू से जांच की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने की शिकायत
बता दें कि एलईडी बल्ब की फैक्ट्री में धमाके के साथ आगजनी की घटना में आसपास के मकानों को नुकसान हुआ था. पड़ोसियों का आरोप है कि मालिक ने जानबूझ कर फैक्ट्री में आग लगाई और उन पर हमला किया. इस संबंध में गौतम नगर की नीलम और गौरव ने गोहाना डीसीपी को शिकायत दी गई. डीसीपी के आदेश पर शहर थाना गोहाना में फैक्ट्री मालिक राजेश समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
आरोप- फैक्ट्री मालिक ने खुद कराया धमाका
स्थानीय लोगों ने भी फैक्ट्री में हुई आगजनी के बाद धमाके को लेकर फैक्ट्री मालिक की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि फैक्ट्री में आग किसी कारण के नहीं बल्कि फैक्ट्री के मालिक द्वारा जानबूझकर लगाई गई है. स्थानीय लोगों की मानें तो फैक्ट्री के मालिक ने बैंकों से फैक्ट्री के नाम पर लोन लिया हुआ है. फैक्ट्री का इंश्योरेंस करवाया है, जिस के चलते उन्हें शक है कि फैक्ट्री के मालिक ने इंश्योरेंस का पैसा खाने की नीयत से ऐसा किया है. इसकी उच्च अधिकारियों द्वारा होनी चाहिए, ताकि सारी सच्चाई सामने आए.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 23:29 IST








