
संदीप सैनी/हिसार: हिसार की राजगुरु मार्केट स्थित मशहूर राम चाट भंडार के मालिक से बुधवार दोपहर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई. बदमाशों ने दुकान मालिक को पर्ची दी, जिस पर रंगदारी की रकम लिखी थी. इसके बाद पिस्तौल दिखाई और पैदल ही चले गए. थोड़ी दूरी पर ही उनका तीसरा साथी, उनका इंतजार कर रहा था. फिर बाइक पर तीन बदमाश सवार होकर निकल गए.
सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सदानंद और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और CCTV कैमरे खंगाले. पुलिस ने धमकी वाली पर्ची और CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले ली है. जानकारी अनुसार दोपहर करीब पौने 3 बजे पर शहर के राम चाट भंडार पर दो युवक आए. दो युवकों में से एक ने मास्क लगाया हुआ था और दूसरे ने अपना चेहरा नहीं ढका था. आते ही उन्होंने दुकान मालिक कुलदीप वर्मा से 2 समोसे का टोकन लिया. पैसे दिए और फिरौती की पर्ची काउंटर पर रख दी. फिर पिस्तौल निकालकर कहा कि 10 करोड़ 2 दिन में दे देना.
इसके बाद बदमाश बिना समोसे लिए ही निकल गए. दोनों दुकान के साथ लगती गली की ओर पैदल गए. फिर 50 मीटर की दूरी पर ही उनका तीसरा साथी बाइक लेकर खड़ा था. वहां से तीनों बाइक पर सवार होकर निकल गए. दुकान पर बैठे केशव वर्मा ने बताया कि इसके बाद तुरंत ही उन्होंने 112 नंबर पर कॉल किया, तब पुलिस आई. कुलदीप ने धमकी की पर्ची पुलिस को सौंप दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
धमकी भरी पर्ची में लिखा था- “हां लाला, या तो 10 करोड़ दे, नहीं तो अगली बारी गोली मारेंगे, 2 दिन का टाइम है. सोच लिए समझ लिए, बाकी काम म्हारा है-अनिल हिंदवाणियां.” इसके अलावा यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने धमकी भरी पर्ची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
.
Tags: Extortion, Haryana news, Hisar news, Threat Letter
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 23:35 IST








