
शिवम कुमार सिंह/भागलपुर. इन दिनों शादी में कई तरह के बवाल होते रहते हैं. ऐसा एक बवाल भागलपुर में देखने को मिला. जहां एक लड़की ने वरमाला से ठीक पहले शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद वहां शादी का माहौल तनाव भरा हो गया. लड़की को काफी समझाया गया फिर वह नहीं मानी. लड़की ने बताया कि यह लड़का मेरे लायक नहीं है. इस दौरान कई लोगों ने लड़की को समझाने का काफी प्रयास किया. पर वह नहीं मानी और शादी नहीं करने की जिद्द पर अड़ी रही. मामला भागलपुर के रसूलपुर थाना क्षेत्र का है.
जानिए पूरी घटना, शादी टूटने की यह है वजह
भागलपुर जिले के रसलपुर में दरवाजे पर बारात आ चुकी थी. वरमाला के समय जब स्टेज पर लड़का चढ़ा तो अचानक लड़की ने शादी से इंकार कर दिया. वहां वीडियो बना रहे कैमरामैन एवं लड़की की बहनों ने लड़की को समझाना शुरू कर दिया. इस पर लड़की ने वरमाला के दौरान लड़के को माला पहनाने से ही इनकार कर दिया. मौके पर तरह-तरह की बातें होने लगी. परिजनों को भी खरी-खोटी सुनाई गई. उसका वीडियो वायरल हो रहा है.
मामला भागलपुर के रसूलपुर थाना क्षेत्र का है. जहां विनोद मंडल की बेटी किट्टू कुमारी की शादी धनोरा के रहने वाले डॉ. वीरेंद्र सिंह के बेटे निलेश कुमार सिंह से होनी थी. शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी. शादी की रस्में भी शुरू हो गईं थी.
जब लड़का बारात लेकर लड़की के दरवाजे पर पहुंचा तभी लड़की को किसी ने कह दिया कि लड़के की उम्र ज्यादा है. इसी बीच जब लड़का वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंचा तो लड़की ने माला पहनाने से साफ मना कर दिया. उसने कहा कि लड़का मेरे लायक नहीं है. वह मुझसे उम्र में बड़ा है और काला है.
लड़की ने कहा – मैं आत्महत्या कर लूंगी पर शादी नहीं करूंगी
इस दौरान मान मनोबल का दौर घंटों तक चला. लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ. लड़की साफ शादी से मुकर गई. अपने घर स्टेज से उतर कर चली गई. शादी में शामिल हुए लोगों ने अपनी पूरी कोशिश कर लड़की को समझाना बुझाना चाहा, लेकिन लड़की ने साफ मना कर दिया. लड़की ने कहा कि अगर मैं शादी करूंगी या किसी के द्वारा जबरदस्ती मेरी शादी करवाई जाती है, तो मैं आत्महत्या कर लूंगी. लिहाजा इस बात को सुनते हुए दूल्हा अपनी दुल्हन को बिना लिए बराती को लेकर अपने घर वापस लौट गया.
शादी से क्यों किया इनकार?दुल्हन ने बताई वजह
सोशल मीडिया पर इस मामले का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेज पर पहुंचने के बाद दुल्हन दूल्हे को देख नाराज हो गई. शादी से इनकार कर दिया. जब दुल्हन से वजह पूछी गई तो उसने दूल्हे की अधिक उम्र होने की बात कही.
दुल्हन को सभी ने काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. इस दौरान लड़के के पिता भी लड़की को मनाने का प्रयास करते रहे.लड़की के पिता ने कहा कि सारी तैयारियां हो गई थीं. समधी मिलन भी हो गया था. जयमाला के स्टेज पर मेरी बेटी ने दूल्हे को जैसे ही देखा, शादी से इनकार कर दिया. उसने न तो दूल्हे को तिलक किया और न ही वरमाला गले में डाली. लड़के वालों को बिना शादी के ही लौटना पड़ा. हमें नहीं पता कि मेरी बेटी ने ऐसा क्यों किया.
.
Tags: Bhagalpur news, Bihar News in hindi
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 22:17 IST








