कभी घर-घर अखबार बांटता था ये बॉक्सर…देश के लिए जीता पदक, बहादुरगढ़ में भव्य स्वागत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़: मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती… इस कहावत को हरियाणा के छोरे दीपक भोरिया ने सच कर दिखाया है. कभी घर-घर जाकर अखबार बांटने वाले दीपक ने आज सीनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है और देश का नाम रोशन किया है. सीनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर लौटे खिलाड़ी दीपक भोरिया का बहादुरगढ़ में जोरदार स्वागत किया गया.

शहर के सेक्टर 9 मोड़ पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने फूल माला पहनाकर खिलाड़ी दीपक का जोरदार स्वागत किया. बता दें कि हाल ही में ताशकंद में आयोजित हुई सीनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मूल रूप से सोनीपत के धनाना गांव के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक भोरिया ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है. इस प्रतियोगिता में दीपक का क्वार्टर फाइनल मुकाबला किर्गिस्तान के खिलाड़ी से हुआ था, जिसमें दीपक ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 5-2 के अंतर से मात दी.

फ्रांस के खिलाड़ी से हारे
वहीं सेमीफाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी से ज़बरदस्त मुकाबला हुआ, मगर दीपक 4-3 के अंतर से हार गए. इस वजह से खिलाड़ी दीपक को ब्रांज मेडल से संतोष करना पड़ा. इससे पहले दीपक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर हरियाणा और देश का नाम रोशन कर चुके हैं. दीपक ने अपनी इस जीत का श्रेय अपने कोच, सीनियर खिलाड़ियों और परिजनों को दिया है.

एशियन चैंपियनशिप अगला टारगेट
दीपक इससे पहले 2019 में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी पदक हासिल कर चुके हैं. इतना ही नहीं, ओलंपिक मेडलिस्ट खिलाड़ियों को भी मात देकर दीपक ने पदक हासिल किए हैं. दीपक का अगला लक्ष्य आगे होने वाली एशियन चैंपियनशिप है, जिसके लिए वह पटियाला में आयोजित कैंप में हिस्सा लेंगे.

पिता हैं होमगार्ड, मां गृहणी
दीपक भारतीय सेना में बतौर सूबेदार कार्यरत हैं. फिलहाल वह पुणे स्पोर्ट्स कॉन्प्लेक्स में तैनात हैं. दीपक के पिता सुरेंद्र होमगार्ड हैं और माता सुमित्रा एक गृहणी हैं. दीपक अपने शुरुआती दिनों में बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करने के साथ-साथ घर-घर जाकर अखबार बांटने का काम भी करते थे.

.

FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 17:22 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें