
जयपुर. राजस्थान में बीजेपी (BJP) एक बार फिर से कांग्रेस की गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन करने जा रही है. इस बार बिजली-पानी के मुद्दे (electricity and water issues) को लेकर बीजेपी कांग्रेस को घेरेगी. इसको लेकर बीजेपी की ओर से प्रदेशभर में उपखंडों पर प्रदर्शन किया जाएगा. इसकी शुरुआत बुधवार से हो गई है. बीजेपी 17,18 और 19 मई तीन दिन तक लगातार प्रदर्शन करेगी. बीजेपी बिजली पर फ्यूल सरचार्ज को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो रही है. बीजेपी का आरोप है कि गहलोत सरकार ने मुफ्त बिजली का वादा कर चार साल में फ्यूल सरचार्ज 6 गुना ज्यादा बढ़ा दिया.
बिजली और पानी के मुद्दों को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है. नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय जो फ्यूल सरचार्ज 18 पैसे प्रति यूनिट हुआ करता था वह कांग्रेस सरकार ने बढ़ाकर 60 पैसे प्रति यूनिट औसतन कर दिया है. राठौड़ ने कहा कि 2018 में बिजली की प्रति यूनिट दरें 5 रुपये 55 पैसे हुआ करती थी वह अब बढ़ाकर 11 रुपये 90 पैसे कर दी गई है.
प्रति माह थर्मल पावर प्लांट बंद हो जाते हैं
राजस्थान में विद्युत उत्पादन निगम के 10 थर्मल व हाइडल प्लांट और 3 अन्य पावर प्लांट हैं. उनकी कैपेसिटी 8597.35 मेगावाट बिजली उत्पादन की है. लेकिन गहलोत सरकार की नीतियों के चलते कोयले की कमी और तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर यह उत्पादन घटकर महज 3500 से 4000 मेगावाट पर आ गया है. प्रदेश सरकार के गलत प्रबंधन के चलते प्रदेश में प्रति माह थर्मल पावर प्लांट बंद हो जाते हैं.
विंड और सोलर एनर्जी का राजस्थान को नहीं मिल रहा लाभ
राठौड़ ने कहा कि विंड एनर्जी और सोलर एनर्जी के मामले में भी प्रदेश में 17 हजार 143 मेगावाट के विद्युत संयत्र लगे होने के बावजूद इनसे पैदा होने वाली बिजली में से प्रदेश की जनता को महज 3 हजार 326 मेगावाट बिजली ही मिल पाती है. इस हिसाब से देखा जाए तो प्रदेश में उत्पादित बिजली का 23 फीसदी हिस्सा ही प्रदेश को मिल पाता है. जबकि 77 फीसदी बिजली प्रदेश के बाहर निजी विद्युत कंपनियों के उपयोग में आ रही है.
प्रतिदिन 500 से 600 ट्रकों से कोयला चोरी किया जाता है
राठौड़ ने कोयला खरीद में व्यापक घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में कोयला कंटेनरों में 30 प्रतिशत कोयले की चोरी पकड़ी गई है. उसमें औसतन एक कंटेनर में दस लाख का कोयला होता है. प्रतिदिन 500 से 600 ट्रकों से कोयला चोरी किया जाता है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए राठौड़ ने कहा कि एक तरफ सरकार 23.309 मेगावाट क्षमता बिजली उत्पादन के साथ सरप्लस बिजली होने की बात कहती है. दूसरी तरफ प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 6-10 घंटे अघोषित बिजली कटौती करती है.
बिजली दरों के मामले में राजस्थान देश में चौथे नंबर पर
बिजली की दरों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि घरेलू श्रेणी की मंहगी बिजली दरों के मामले में राजस्थान देश में चौथे नंबर पर है. उन्होंने कहा कि बिजली और पानी संकट को लेकर बीजेपी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी. 17,18 व 19 मई को प्रदेश के उपखंडों पर बिजली पानी को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किए जाएंगे.
राजस्थान में पेयजल के हालात खराब
राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में भयंकर पेयजल संकट की स्थिति है. 11,440 गांव में पानी के टैंकर भिजवाए गए लेकिन उनका भुगतान नहीं होने के चलते पेयजल व्यवस्था ठप हो गई है. राजस्थान में सैकड़ों गांवों में पेयजल व्यवस्था राम भरोसे है. केन्द्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना का बुरा हाल करने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी.








