
अनुज गौतम/सागर: जिले में पिछले 1 हफ्ते से गर्मी पूरे शबाब पर है. पारा 44 डिग्री के पास तक पहुंच चुका है. लू लोगों पर कहर बरपाने पर आमादा है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है. इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा जरूरी है कि हम लू से अपना बचाव करें.
कुछ लोग लू से बचने के लिए घर से बाहर जाने से पहले जेब में प्याज रखने की भी सलाह देते हैं. लेकिन, जेब में प्याज रखने से क्या वाकई में लू से बचा जा सकता है? या फिर लू से बचाव के और भी उपाय हैं. बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के स्पेशलिस्ट डॉ. ताल्हा शाद ने जेब में प्याज रखने को गलत बताया है.
डॉ. ताल्हा शाद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में अचानक बदलाव आया है. तेज लू चलने लगी है. जब भी तापमान 40 से 42 डिग्री पर पहुंचता है तो लू से बचने के उपाय जरूरी हो जाते हैं. इन सावधानियों को लेकर कुछ भ्रांतियां भी हैं. इन भ्रांतियों में एक भ्रांति यह भी है कि धूप में अपनी जेब में प्याज रखकर बाहर निकलो तो लू नहीं लगेगी. लेकिन इस बात के कोई साइंटिफिक प्रमाण नहीं हैं.
ये आयुर्वेदिक उपाय अपनाएं
डॉक्टर ने बताया कि प्याज में क्वेरसेटिन नाम का एक केमिकल होता है. यह केमिकल हिस्टामाइन को ब्लॉक कर रहा होता है. इसकी वजह से लू से बचाने में उसकी भूमिका जरूर होती है. इस तरह के हीट स्ट्रोक में या जिसको लोग लू कहते हैं, उसमें प्याज खाने से जरूर फायदा मिलता है. आयुर्वेदिक किताबों में अभी प्याज को जीरा पाउडर और शहद के साथ मिलाकर खाने से लू से बचाव होता है. इसके लिए जीरा और प्याज को भूंज लें और उसका पाउडर बनाकर उसमें शहद मिलाकर सेवन करें. लेकिन सिर्फ जेब में प्याज रखने से लू की समस्या का निवारण नहीं हो सकता है.
दिनभर में पीएं 3-4 लीटर पानी
साथ ही साथ प्याज में काफी अच्छी मात्रा में सोडियम और पोटेशियम भी मौजूद होता है. यह सोडियम और पोटेशियम खास करके डिहाइड्रेशन की स्थिति में काफी कारगर साबित होता है. इस गर्मी में लू के समय में दो तीन बातों का ध्यान रखना चाहिए. पानी की मात्रा को बढ़ाना चाहिए. पानी पीने की आपको एक आदत सी होनी चाहिए. 3 से 4 लीटर कम से कम दिन भर में पानी पीना चाहिए.
इन बातों का भी रखें ध्यान
दूसरी चीज कभी भी खाली पेट घर से बाहर न निकलें. आपको सफेद कपड़े या ऐसी चीजें पहननी चाहिए जो डार्क कलर की न हों. क्योंकि इससे ज्यादा से ज्यादा धूप ऑब्जर्व होती है. धूप में जब भीर बाहर निकलें साथ में छाता रखें. सूती तौलिया, कपड़े से शरीर ढक कर चलें. मौसमी फल और सलाद का सेवन करें.
.
Tags: Health tips, Heat Wave, Mp news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 16:27 IST








