
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. नाथों के नाथ बाबा विश्वनाथ के अद्भुत धाम में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. नव्य और भव्य धाम में मुमुक्षु भवन, फूड कोर्ट और गिफ्ट सेंटर के बाद अब श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भी लक्जरी व्यवस्था की गई है. धाम के भीमशंकर भवन में गेस्ट हाउस का संचालन शुरू हो गया है. इस गेस्ट हाउस में महज 500 रुपये में AC हॉल में बेड मिल रहा है. जहां श्रद्धालु ठहर कर बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर रहे हैं.
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि इस गेस्ट हाउस में कुल 18 कमरे हैं. इसके अलावा डॉरमेट्री में 36 बेड की व्यवस्था भी है. तीन फ्लोर में बने इस गेस्ट हाउस के हर फ्लोर पर 6 कमरे और डॉरमेट्री में 12 बेड हैं. दिल्ली के एक निजी कम्पनी के जरिए इसका संचालन किया जा रहा है.
ऐसे कराए गेस्ट हाउस की बुकिंग
गेस्ट हाउस के बुकिंग के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन सुविधा है. इसके लिए एक वेबसाइट भी तैयार की गई है. www.southerngrandkashi.com पर जाकर लोग इसके लिए बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा इस वेबसाइट पर दिए गए फोन नम्बर पर कॉल कर भी लोग बुकिंग के साथ इससे जुड़ी जानकारी ले सकते हैं.
इतना लगेगा चार्ज
इस गेस्ट हाउस के डॉरमेट्री में रहने के लिए 500 रुपये के साथ टैक्स अदा करना होगा. वहीं डबल बेड रूम के लिए श्रद्धालुओं को 4000 रुपये देने होंगे. दोपहर 1 बजे चेक इन के बाद अगले दिन दोपहर 12 बजे चेक आउट कराया जाएगा. बता दें कि इस गेस्ट हाउस में शिव भक्तों को वीआईपी सुविधा दी जा रही है.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 10:14 IST









